नवरात्र में डांडिया की खनक से गूंज रहे माता रानी के दरबार, बच्चों से लेकर बड़ों तक में उत्साह
महिलाएं और पुरुष पारंपरिक परिधानों में कर रहे गरबा-डांडिया, भक्ति और उल्लास के रंग में रंगे श्रद्धालु
रायला : गोपाल लाल वैष्णव नवरात्र के पावन पर्व पर माता रानी की आराधना के साथ गरबा और डांडिया की धूम छाई हुई है। शहर में जगह-जगह सजे माता रानी के दरबारों में भक्ति, उत्साह और उमंग का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। डांडिया की खनक और गरबा की मधुर लय पर बच्चे, युवा, महिलाएं और पुरुष पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। पूरा वातावरण माता रानी के जयकारों और भक्तिमय संगीत से गूंज रहा है।
नवरात्र के दौरान आयोजित गरबा-डांडिया कार्यक्रमों में श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर पहुंच रहे हैं। रंग-बिरंगे परिधान, डांडिया की ताल और सामूहिक नृत्य कार्यक्रमों को आकर्षक बना रहे हैं। छोटे-छोटे बच्चे भी पूरे उत्साह के साथ डांडिया खेलते नजर आ रहे हैं, वहीं महिलाएं और पुरुष एक साथ गरबा कर पर्व की खुशियां साझा कर रहे हैं।
माता रानी के दरबार में श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक एकता, आपसी मेलजोल और सांस्कृतिक परंपराओं को भी बढ़ावा मिल रहा है।
नवरात्र का यह उत्सवी माहौल श्रद्धा और उल्लास के साथ लोगों को जोड़ रहा है। इंदिरा कॉलोनी, जीनगर मोहल्ला और हाउसिंग बोर्ड में दो जगह पर माता रानी के भक्तों ने माता के दरबार सजाकर डांडिया रास किया जा रहा है. डांडिया की हर खनक और माता रानी के हर जयकारे के साथ भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। पूरे वातावरण में भक्ति, शक्ति और उत्सव का रंग छाया हुआ है।