सम्भल में सीएम योगी के 'सबका साथ-सबका विकास' संकल्प के साथ देवालयों में हुए दीपदान व भजन-कीर्तन वीडियो को शेयर करने की अपील
सात नगरीय निकायों और गांवों में गूंजी रामायण, श्रद्धाभाव से मनी वाल्मीकि जयंती
सीएम योगी के 'सबका साथ-सबका विकास' संकल्प के साथ देवालयों में हुए दीपदान व भजन-कीर्तन
सादातवाड़ी में सीडीओ गोरखनाथ भट्ट और गुन्नौर में उप जिलाधिकारी (न्यायिक) गुन्नौर अभिमन्यु कुमार ने की पूजा-अर्चना
डीएम अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर चमके मंदिर परिसर, वाल्मीकि समाज की सुविधाओं का रखा विशेष ध्यान
अट्टा धाम में सत्यनारायण कथा तो संभल के पांच क्षेत्रों में हुआ अखंड रामायण पाठ
बहजोई और नरौली में निकली भव्य शोभायात्रा, गवां में गूंजा सुंदरकांड पाठ और मलिन बस्तियों में हुए नुक्कड़ नाटक
यूपी के जनपद सम्भल में उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश और जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के मार्गदर्शन में सोमवार को जनपद की सभी तहसीलों, विकासखंडों और सात नगरीय निकायों में आदिकवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती पूरे उत्साह और आस्था के साथ मनाई गई। सुबह से ही जनपद के प्रमुख मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन, दीपदान, वाल्मीकि रामायण व रामचरितमानस पाठ के साथ भजन-कीर्तन की मधुर स्वरलहरियां गूंजती रहीं।
मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'सबका साथ, सबका विकास' के मूल मंत्र और सर्वसमाज के सम्मान की भावना को धरातल पर उतारते हुए जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं मंदिरों में पहुंचकर अनुष्ठानों में हिस्सा लिया और व्यवस्थाओं की कमान संभाली।
अफसरों ने संभाली कमान, वाल्मीकि समाज से किया सीधा संवाद
महर्षि वाल्मीकि जयंती के आयोजनों को भव्य और सुगम बनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारी सुबह से ही क्षेत्रों में सक्रिय रहे। विकास खंड बहजोई के ग्राम सादातवाड़ी स्थित धर्मशाला में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) गोरखनाथ भट्ट ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण कर विधिवत पूजा-अर्चना की और रामायण पाठ में सहभागिता की। इस दौरान खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बहजोई ओमवीर सिंह, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अनिल कुमार और सादातवाड़ी के प्रशासक/ग्राम प्रधान भी मौजूद रहे। वहीं, नगर पंचायत गुन्नौर के वार्ड संख्या-3 स्थित मोहल्ला सराय के श्री सीताराम मंदिर में आयोजित कीर्तन व धार्मिक कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी (न्यायिक) गुन्नौर एवं अधिशासी अधिकारी अभिमन्यु कुमार शामिल हुए। अधिकारियों ने मंदिरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वाल्मीकि समाज के लोगों व युवाओं से संवाद कर यह सुनिश्चित किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
शहर से गांव तक अखंड पाठ और कथा की गूंज
जनपद के शहरी और ग्रामीण अंचलों में दिनभर रामायण और धार्मिक कथाओं का दौर चला। संभल नगर पालिका क्षेत्र के हौज भदेसराय, आलम सराय, कोटला सराय, तरीन और हयातनगर स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिरों में अखंड रामायण पाठ का आयोजन हुआ। नगर पंचायत बबराला की अंबेडकर कॉलोनी स्थित श्री वाल्मीकि मंदिर में वाल्मीकि रामायण का संक्षिप्त वाचन किया गया, जबकि बहजोई नगर पालिका के वार्ड संख्या-1 में संभल रोड स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास खंड संभल की ग्राम पंचायत सलखना के ग्राम फतेहपुर भाऊ स्थित श्री प्रकटेश्वर महादेव मंदिर में रामायण कथा और संतोष पुरी आश्रम अट्टा धाम (अतौरा) में हनुमान चालीसा पाठ व श्री सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन किया गया।
दीपदान और भजन-कीर्तन से राममय हुए देवालय, बहजोई व नरौली में निकली शोभायात्रा*
भगवान श्रीराम, श्रीहनुमान और रामायण से जुड़े प्रमुख स्थलों पर दीपदान और संकीर्तन ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। आदिकवि वाल्मीकि की जयंती के अवसर पर नगर पंचायत गवां के वार्ड संख्या-3 स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन की धूम रही और विधिवत सुंदरकांड का पाठ कराया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत गवां की अध्यक्ष श्रीमती सर्वेश दिवाकर, अधिशासी अधिकारी श्वेतांक सारस्वत, निकाय के कर्मचारीगण एवं नगर पंचायत गवां के स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल रहे।
वहीं, नगर पालिका परिषद बहजोई में भगवान वाल्मीकि जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष बहजोई श्री राजेश शंकर राजू एवं पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री श्रीमती मंजू दिलेर ने दीपक जलाकर व फीता काटकर शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कमेटी अध्यक्ष व कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
इसी प्रकार, नगर पंचायत नरौली के वाल्मीकि शिव मंदिर में भजन-कीर्तन के साथ-साथ भगवान वाल्मीकि जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कुंवर शोभित राजा साहब ने दीप प्रज्ज्वलित कर व फीता काटकर शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से कमेटी अध्यक्ष व कार्यालय नगर पंचायत नरौली का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
इसी तरह नगर पालिका परिषद चंदौसी के वार्ड संख्या-1 स्थित मोहल्ला चुन्नी (संजय बस्ती) के महर्षि वाल्मीकि मंदिर परिसर में भी विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। चंदौसी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष चंदौसी श्रीमती लता वार्ष्णेय, पूर्व सदस्य (अनुसूचित जाति) गीता वाल्मीकि, पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री मंजू दिलेर,भाजपा उपाध्यक्ष अंकित जैन, उत्तर प्रदेश कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रॉकी वाल्मीकि, नगर पालिका लिपिक प्रमोद वाल्मीकि सहित विक्रम, सोनू, मनजीत, मदनलाल, नीरज, राजू, मनीष आदि सफाई कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।नुक्कड़ नाटकों और स्वच्छता अभियान के साथ दिखा सामाजिक समरसता का संदेश
वाल्मीकि जयंती के अवसर पर जनजागरूकता और सामाजिक संदेश प्रसारित करने के लिए संभल नगर पालिका एवं गुन्नौर नगर पंचायत की मलिन बस्तियों में विशेष नुक्कड़ नाटकों का भी मंचन किया गया। इसके साथ ही जनपद की अन्य विधानसभाओं में भी इसी प्रकार नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा।
पर्व से पूर्व ही जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में मंदिर परिसरों व संपर्क मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया था, जिससे सभी अनुष्ठान स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुए। बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग की आस्था को सम्मान देने की योगी सरकार की पहल से पूरे जनपद में सामाजिक समरसता और उत्साह का माहौल देखने को मिला।