मूक-बधिर दिव्यांगजन अब साइन लैंग्वेज के माध्यम से शासकीय कार्यालयों, पुलिस थानों एवं न्यायालयों में रख सकेंगे अपनी बात
-
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ‘मेरी आवाज सुनो’ वीडियो एवं विधिक सेवा योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए प्रेसवार्ता आयोजित
-
म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टीकमगढ़, श्रीमती प्रवीणा व्यास के मार्गदर्शन में जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टीकमगढ़ श्री वरुण पुनासे की अध्यक्षता में जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर सेंटर में प्रेसवार्ता आयोजित की गई।
प्रेसवार्ता में जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टीकमगढ़ श्री वरुण पुनासे द्वारा श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों के हितों के लिए तैयार किए गए नवीन वीडियो ‘मेरी आवाज सुनो’ के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के संबंध में चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया।
प्रेसवार्ता में बताया गया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा मूक-बधिर एवं श्रवण बाधित दिव्यांगजनों को शासकीय कार्यालयों, पुलिस थानों एवं न्यायालयों में अपनी बात सहजता से रखने के लिए भारतीय सांकेतिक भाषा (इंडियन साइन लैंग्वेज) आधारित सिगनेबिल क्यूआर कोड (SignAble QR Code) की सुविधा प्रारंभ की गई है। इस पहल से दिव्यांगजन अब भाषा संबंधी कठिनाइयों के बिना अपनी समस्याएं एवं शिकायतें संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।
श्री पुनासे ने बताया कि इस सुविधा के अंतर्गत मूक-बधिर व्यक्तियों को ऑनलाइन लाइव साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए क्यूआर कोड को अपने स्मार्टफोन से स्कैन करना होगा। इसके बाद वीडियो कॉल के माध्यम से इंटरप्रेटर से संपर्क स्थापित हो जाएगा। इंटरप्रेटर दिव्यांगजन की सांकेतिक भाषा को सामान्य भाषा में संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तक पहुंचाएगा तथा अधिकारी की बात को भी सांकेतिक भाषा में दिव्यांगजन को समझाएगा। उन्होंने बताया कि यह पहल दिव्यांगजनों के लिए सुगम एवं समावेशी वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से प्रदेश के कलेक्ट्रेट, तहसील, शासकीय कार्यालयों, पुलिस थानों, न्यायालयों तथा अन्य संबंधित संस्थानों में मूक-बधिर दिव्यांगजनों को संवाद की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रेसवार्ता में जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री पुनासे ने मेरी आवाज सुनो वीडियो सहित दिव्यांगजनों के हितार्थ संचालित योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता संबंधी सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं की जानकारी अधिकाधिक लोगों तक पहुंचना आवश्यक है, जिससे जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्ति अपने अधिकारों तथा उपलब्ध सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सके।
प्रेसवार्ता के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं तथा दिव्यांगजनों के हित में की जा रही पहलों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में सहयोग करें। इससे समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को विधिक सहायता, अधिकारों और शासकीय सुविधाओं के प्रति जागरूक किया जा सकेगा।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अनुज कुमार चंसौरिया सहित मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।