बारिश में खुली विकास दावों की पोल: पंडितपुरवा मोहल्ले में घुटनों तक भरा पानी, 15 परिवार घरों में हुए कैद
हरदोई: पिहानी रोड स्थित ग्राम सभा अनंग बेहटा के पंडितपुरवा मोहल्ले में लगातार हो रही बारिश के कारण जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। मोहल्ले में घुटनों तक पानी भर जाने से लगभग 15 परिवारों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं और लोग पिछले तीन दिनों से अपने ही घरों में कैद होकर रहने को मजबूर हैं।
जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है। बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया है, वहीं रोजमर्रा का राशन और जरूरी सामान लाने के लिए ग्रामीणों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से हर बारिश के बाद यही स्थिति बनती है। हैरान करने वाली बात यह है कि पंडितपुरवा मोहल्ला जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और विकास खंड बावन के अंतर्गत आता है। इसके बावजूद जिम्मेदार प्रशासन इस समस्या के स्थाई समाधान के प्रति बेखबर बना हुआ है।
Hardoi, Hardoi | Sep 4, 2026