*पटवारी के जेल में बंद होने के बाद भी घर से गांजा बेचे जाने की खबर प्रशाशन की चुप्पी पर बड़ा सवाल*
मैहर में नशे के कारोबार को लेकर फिर उठे सवाल, आखिर किसके संरक्षण में चल रहा कथित अवैध धंधा?
मैहर। सराय मोहल्ले में कथित तौर पर गांजे के अवैध कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले गांजे के कारोबार के आरोप में पटवारी नामक व्यक्ति को मैहर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के ठिकाने से हजारों रुपये की नगदी, बड़ी मात्रा में गांजा और एक देसी कट्टा बरामद किया था। लेकिन अब चर्चा है कि पटवारी के जेल जाने के बाद कथित तौर पर उसके घर से इस कारोबार को आगे बढ़ाया जा रहा है
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में कथित रूप से गांजे की सप्लाई होती दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। यदि वीडियो की पुष्टि होती है, तो यह मैहर में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर सकता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सराय मोहल्ले में कथित रूप से गांजे की सप्लाई कैसे जारी है? क्या संबंधित लोगों को किसी प्रभावशाली व्यक्ति का संरक्षण प्राप्त है? क्या पुलिस को इस गतिविधि की जानकारी नहीं है, या फिर अब तक कार्रवाई नहीं हो पाई है?
अब देखना होगा कि मैहर पुलिस वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर कथित गांजा सप्लाई के नेटवर्क का पर्दाफाश करती है या नहीं। साथ ही यह भी जरूरी है कि यदि किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता या संरक्षण के आरोप सामने आते हैं, तो उनकी भी निष्पक्ष जांच की जाए।
नशे के कारोबार पर कार्रवाई होगी या सवालों के घेरे में ही रहेगी मैहर पुलिस?
Bhind Nagar, Bhind | Nov 1, 2026