प्रभारी सचिव ने सूर्यगढ़ा-साम्हो पुल पर बाढ़ तैयारियों का लिया जायजा
लखीसराय। जिले के प्रभारी सचिव कंवल तनुज ने सोमवार को बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने सूर्यगढ़ा-साम्हो पुल का भ्रमण कर नदी के जलस्तर एवं आसपास के क्षेत्रों की स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने नदी के जलस्तर, जलजमाव, जनजीवन की स्थिति तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नावों की उपलब्धता और आवश्यकता की जानकारी ली। उन्होंने उपलब्ध नावों की संख्या एवं उनकी स्थिति की समीक्षा करते हुए संवेदनशील और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यक संसाधनों को पहले से तैयार रखने तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
प्रभारी सचिव ने संबंधित पदाधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने और निचले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Lakhisarai, Lakhisarai | Sep 7, 2026