‘विकसित भारत’ के निर्माण में बच्चों की भूमिका महत्वपूर्ण : दीपक कुमार सिंह
लखीसराय। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में ‘विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नया बाजार स्थित संत माइकल स्कूल में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में सफल छात्र-छात्राओं को भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर दीपक कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी समझ को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। आज के विद्यार्थी ही भविष्य के विकसित भारत के निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को उनकी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने से उनमें आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
मध्य विद्यालय इंग्लिश में भी छात्र-छात्राओं ने चित्रकला प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। भाजपा जिला महामंत्री सनोज साहू ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने कहा कि बच्चों की कल्पनाओं में भविष्य के भारत की तस्वीर दिखाई देती है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी सोच और प्रतिभा को अभिव्यक्त करने के साथ राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के जिला संयोजक गौतम मंडल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक संस्था या सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
इसी क्रम में उच्च विद्यालय जैतपुर के छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता को लेकर जागरूकता मार्च निकाला। विद्यार्थियों ने लोगों को स्वच्छता अपनाने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया। मार्च के माध्यम से ‘स्वच्छ गांव, स्वच्छ देश और स्वस्थ देश’ का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में संत माइकल स्कूल के संचालक सुनील कुमार शर्मा, जिला संयोजक गौतम मंडल, बाजार मंडल अध्यक्ष धनंजय विभोर, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक गोपी कुमार, जिला महामंत्री सनोज साहू, जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा सहित विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही।