दीनदयाल के विचारों को आत्मसात कर अंत्योदय का लक्ष्य साकार करें कार्यकर्ता : दीपक
लखीसराय। लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह की अध्यक्षता में एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार विधान परिषद सदस्य लाल मोहन गुप्ता रहे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।
मुख्य अतिथि लाल मोहन गुप्ता ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद भारतीय संस्कृति और राष्ट्रजीवन की मूल भावना पर आधारित था। उनका चिंतन समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा देता है।
जिला प्रभारी संजय कुमार सिंह ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति समर्पण का आदर्श है। कार्यकर्ताओं को उनके विचारों को आत्मसात कर समाज के बीच जनसेवा के कार्यों में निरंतर जुटे रहना चाहिए।
पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू ने कहा कि अंत्योदय का विचार आज भी प्रासंगिक है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याण का लाभ पहुंचाना ही दीनदयाल जी के विचारों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि एकात्म मानव दर्शन और अंत्योदय भाजपा की मूल वैचारिक प्रेरणा हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने मानव के मन, बुद्धि, शरीर और आत्मा के सर्वांगीण विकास पर बल दिया। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर कार्यकर्ताओं को राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित रहना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दीनदयाल जी के विचारों को आत्मसात कर अंत्योदय के लक्ष्य को साकार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सनोज साहू, प्रमोद कुशवाहा, अमरजीत प्रजापति, नवीन सिंह, चंदन कुमार, अभिषेक सिंह, सिकन्दर कुमार समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।