मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में अधिकारी अधिक से अधिक हितग्राहियों को करें सम्मिलित-कलेक्टर श्री साकेत मालवीय
कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित
--
शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत प्रति शुक्रवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविरों में अधिकारी अधिक से अधिक हितग्राहियों को सम्मिलित करें। साथ ही शासकीय योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ दिलाना सुनश्चित करें। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के निराकरण में सभी विभाग विशेष ध्यान देकर ग्रेडिंग में सुधार लाएं। उन्होंने लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत लंबित आवेदनों तथा 100 दिवस से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए संयुक्त दल द्वारा बाजारों का नियमित निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की सघन जांच की जाए। दीपावली त्यौहार पर चिन्हित पटाखा दुकान स्थलों पर ही पटाखों का विक्रय हो यह सुनिश्चित किया जाए। कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा की दृष्टि से फायर बिग्रेड की व्यवस्था रहे। उन्होंने निर्देशित किया कि मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु एडवाईजरी जारी की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर दिवस पर अधिकारियों द्वारा संबंधित संस्था का निरीक्षण कर निर्धारित प्रारूप में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। यह प्रतिवेदन शासन की गाईडलाईन अनुसार बिन्दुवार हो यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने हाट,बाजारों में बाहरी वाहनों को प्रतिबंधित किये जाने तथा बाजार के प्रारंभ एवं अंतिम छोर पर बेरिकेटस लगवाये जाने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण के लिए प्रबंधन की व्यवस्था हो। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत खाद्य पदार्थो में मिलावटखोरी रोकने के लिए हर संभव प्रयास किये जाए।
बैठक में केन्द्रीय मंत्री की जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए विभागों को लंबित आवेदनों का निराकरण किये जाने के निर्देश दिए।
बैठक में पराली न जलाने की घटनाओं को रोकने,उचित मूल्य दुकानों में माहवार खाद्यान्न वितरण हेतु सतर्कता समिति की रिपोर्ट लिये जाने के संबंध में विस्तार से जानकारी लेकर आावश्यक निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन,अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह,संयुक्त कलेक्टर श्री विकास कुमार आनंद,डिप्टी कलेक्टर श्री भुवनेश चौहान,एसडीएम श्री इसरार खान सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे। साथ ही गूगल मीट के माध्यम से चंदेरी,मुंगावली,ईसागढ के एसडीएम,सीईओ जनपद पंचायत ने भाग लिया।
#ashoknagar