विकसित मध्यप्रदेश के लिये विकास अभियान को जनआंदोलन का रूप दें-विधायक श्री बृजेन्द्र सिंह
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
--
अशोकनगर जिले में मध्यप्रदेश के 71 वां स्थापना दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर स्थानीय मानस भवन में 71 वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह का आयोजन मुंगावली विधायक श्री बृजेन्द्र सिंह यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। मुख्य समारोह में सांदीपनी विद्यालय अशोकनगर की छात्राओं द्वारा वंदे मातरम तथा मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुंगावली विधायक श्री बृजेन्द्र सिंह यादव ने जिलेवासियों को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए गौरव,उत्साह तथा प्रेरणा का दिन है। हमारे मध्यप्रदेश का गठन 01 नवंबर 1956 को हुआ था। हमारा मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में प्रगति कर नई ऊंचाईयों को छू रहा है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में मध्यप्रदेश के विकास को नई गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि हमारा मध्यप्रदेश कृषि,सिंचाई,नलजल योजना के माध्यम से पेयजल की उपलब्धता,शिक्षा,स्वास्थ्य, स्वरोजगार तथा उद्योगों के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। विद्युत की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही हे। किसानों को सिंचाई हेतु पर्याप्त बिजली मिल रही है। हमारा प्रदेश समग्र विकास,सुशासन और जनसेवा की भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। भारत के हृदय में स्थित हमारा यह प्रदेश अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, ऐतिहासिक धरोहरों और विविधताओं के लिए विशेष पहचान रखता है। भोपाल इसकी राजधानी है और पंडित रविशंकर शुक्ल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती ने देश को गौरवशाली इतिहास, महान व्यक्तित्वों, आध्यात्मिक परंपराओं और समृद्ध लोक संस्कृति की विरासत दी है। यहाँ के वन, नदियाँ, धार्मिक स्थल, ऐतिहासिक स्मारक और मेहनतकश नागरिक हमारी सबसे बड़ी पूँजी हैं।हमारा लक्ष्य केवल विकास कार्यों को पूरा करना नहीं है, बल्कि ऐसा मध्यप्रदेश बनाना है जहाँ किसानों को समृद्धि मिले, युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हाँ, महिलाओं को सम्मान और आत्मनिर्भरता मिले, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य एवं बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध हों। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए विकसित मध्य प्रदेश का निर्माण आवश्यक है। और विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण में प्रत्येक जिले की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका है।
अशोकनगर जिला अपनी ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और मेहनतकश नागरिकों के लिए जाना जाता है। यह जिला केवल भौगोलिक पहचान नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। हमारे जिले की पहचान में चंदेरी का विशेष स्थान है। विश्व प्रसिद्ध चंदेरी साड़ी ने भारतीय हथकरघा परंपरा को विशिष्ट पहचान दिलाई है। चंदेरी का किला, बादल महल, राजा-रानी महल और ऐतिहासिक बावड़ियाँ हमारी समृद्ध स्थापत्य कला एवं पुरातात्विक विरासत की कहानी कहती हैं। यह भूमि धार्मिक आस्था से भी समृद्ध है। मुंगावली का माँ जानकी करीला धाम, कदवाया का माँ बीजासन माता मंदिर तथा चंदेरी का माँ जागेश्वरी माता मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। हमारे जिले की ऐतिहासिक पहचान में चंदेरी और उसके आसपास की प्राचीन धरोहरों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यह विरासत हमें अपने अतीत पर गर्व करना सिखाती है और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे सुरक्षित रखने की प्रेरणा देती है।
कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर जिला प्रशासन की तरफ से सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि भारतवर्ष ने 1947 में आजादी प्राप्ति के पश्चात राज्यों के पुनर्गठन की प्रक्रिया प्रारंभ हुई थी और उस प्रक्रिया के फलस्वरूप 1 नवंबर 1956 को मध्य प्रदेश राज्य का पुनर्गठन हुआ था। और तत्पश्चात हम मध्य प्रदेश राज्य के एक नागरिक के रूप में एक सदस्य के रूप में निरंतर प्रगति पथ पर आगे बढ़ रहे हैं और भारतवर्ष के प्रगति में अपना निरंतर योगदान कर रहे हैं।
नगरपालिका अध्यक्ष श्री नीरज मनोरिया ने कहा कि एक राज्य के रूप में भारतवर्ष के एक अभिन्न अंग के रूप में यहां के समस्त नागरिकों की सहभागिता से और सामूहिक प्रयासों से सभी क्षेत्रों में निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहा है। मध्य प्रदेश हृदय प्रदेश के भी एक नागरिक के रूप में हम सभी के सामूहिक प्रयासों से मध्य प्रदेश विकसित भारत 2047 के लिए और उसके आगे के लिए भी निश्चित रूप से कार्य करता रहेगा और हम विकसित मध्य प्रदेश और विकसित भारत की संकल्पना को साकार करेंगे। साथ ही उन्होंने जिले के विकास के बारे में विस्तार से बताया । उन्होंने कहा कि अल्प वर्षा के कारण पेयजल की समस्या को दृष्टिगत रखते हुए जिले के सभी नागारिको से आग्रह किया कि वे जल का सद्उपयोग करें उसे व्यर्थ न वहायें।
पूर्व विधायक श्री जजपाल सिंह ज्जजी ने कहा कि विकसित मध्यप्रदेश को निरंतर आगे ले जाने के लिये हम सभी नागारिकों की जिम्मेदारी है। हम सभी संकल्प ले और आपसी भाईचारे के साथ पूरी ईमारीदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेगें जिससे हमारा देश,प्रदेश और जिला निरंतर प्रगति कर नई ऊचाईयों को छूयेगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में शासकीय सांदीपनी विद्यालय के बच्चों द्वारा ‘’महुआ झरे आदिवासी लोक नृत्य’’ तथा ‘’हमारों न्यारो मध्यप्रदेश ‘’ गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुति दी। शिवपुरी पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा ‘बेटी की उडान ‘’ की सामूहिक नाटय प्रस्तुति दी गई।
मेधावी छात्रों को किया पुरूस्कृत
--
संस्कृति विभाग द्वारा जिले के मेद्यावी 04 छात्रों को श्री कृष्ण मेधावी छात्रवृति योजना के अंतर्गत 01-01 लाख रूपये की राशि के चेक तथा प्रमाण पत्र वितरण किये गए। मुख्य अतिथि द्वारा महिका सेन,लोकेश लोधी,अती शर्मा तथा संमीक्षा पाण्डेय को चेक का वितरण किया गया।
कृषि क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को को पुरूस्कार वितरण
--
किसान कल्याण स्वामियान पर्व अंतर्गत कृषि क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को को पुरूस्कार वितरण किया गया। मुख्य अतिथि ने कृषि क्विज प्रथम विजेता उपेन्द्र यादव को प्रथम पुरूस्कार के रूप में ट्रेक्टर की चाबी,द्वितीय पुरूस्कार के रूप में गजराज सिंह लोधी को बुलेट गाडी तथा तृतीय पुरूस्कार के रूप में श्री संजीव लोधी को ई-स्कूटी प्रदान की गई।
नशामुक्ति दिलाई शपथ
--
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
प्रदर्शनी का किया अवलोकन
--
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा प्रदेश के विकास पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर श्री पूर्व विधायक श्री लड्डूराम कोरी, सांसद प्रतिनिधि श्री संजीव भारिल्य, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शीला जाटव,जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री अभिषेक यादव,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मलकीत सिंह, श्री महेन्द्र भारद्वाज, लोकतंत्र सेनानी श्री कमल सिंह रघुवंशी, अपर कलेक्टर श्री डी एन सिंह,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश, संयुक्त कलेक्टर श्री आर.बी.सिण्डोस्कर,डिप्टी कलेक्टर श्री भुनेश चौहान, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री विनोद उन्नीतान, जनप्रतिनिधि,संतगण जिला प्रशासन के अधिकारी/कर्मचारी, पत्रकार, शिक्षक-शिक्षिकायें, छात्र-छात्रायें और बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्री महेन्द्र जैन द्वारा किया गया।
#मध्यप्रदेश_स्थापना_दिवस
#ashoknagar