कुशहरी महोत्सव: सामूहिक विवाह की तैयारियों का विधायक ने लिया जायजा
22 नवंबर को होगा सामूहिक विवाह समारोह, व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के दिए निर्देश
#देवरिया। कुशहरी महोत्सव के अंतर्गत आगामी 22 नवंबर को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को रामपुर कारखाना के विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर तैयारियों और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे कर लिए जाएं, ताकि विवाह समारोह में शामिल होने वाले जोड़ों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सुचारु ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।