गया में जहरखुरानी का बड़ा खुलासा, ट्रेन में दोस्ती, फिर नशीला बिस्किट-चाय और लूट! 120 नशीली गोलियों के साथ जहरखुरान गिरफ्तार, गया में रेल पुलिस का बड़ा खुलासा
गया। ट्रेनों में यात्रियों को अपना शिकार बनाकर जहरखुरानी की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गया में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी यात्रियों से पहले दोस्ती करता था, फिर उन्हें विश्वास में लेकर चाय या बिस्किट में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर देता था। इसके बाद यात्री का मोबाइल और अन्य सामान लेकर ट्रेन से फरार हो जाता था। गिरफ्तार आरोपी के पास से छह स्मार्ट मोबाइल फोन, 120 नशीली गोलियां, संदिग्ध नशीला पाउडर, बिस्किट, डेबिट कार्ड, रेलवे टिकट और अन्य सामान बरामद किया गया है। मामले का खुलासा गया रेल डीएसपी गुलशन कुमार ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर किया। प्रेस वार्ता में RPF थाना अध्यक्ष बनारसी यादव, GRP थाना अध्यक्ष समेत RPF और रेल पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि जहरखुरानी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
वारिसलीगंज में बेहोश मिला था यात्री, तभी खुला मामला
रेल डीएसपी गुलशन कुमार ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि 4 अक्टूबर को वारिसलीगंज से सूचना मिली कि एक व्यक्ति को स्टेशन पर बेहोशी की हालत में उतारा गया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल वारिसलीगंज पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पूछताछ में यह मामला ट्रेन में जहरखुरानी से जुड़ा होने की जानकारी सामने आई। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीडीयू मंडल और रेल पुलिस के अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की। लगातार जांच के दौरान पुलिस को एक व्यक्ति पर संदेह हुआ। फोटो और अन्य जानकारियों का मिलान कराने के बाद उसकी पहचान की गई।
गया स्टेशन पर संदिग्ध हालत में पकड़ा गया
7 अक्टूबर को गया रेलवे स्टेशन के दिल्ली छोर स्थित प्लेटफॉर्म संख्या-1सी पर RPF और GRP की संयुक्त टीम गश्त कर रही थी। टीम जहरखुरानी की रोकथाम और आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली इंड की तरफ एक व्यक्ति ग्रे और ब्लैक रंग का पिट्ठू बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखाई दिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रमेश कुमार (55 वर्ष), पिता स्व. जोगीजी, निवासी बकरा, थाना बिंद, जिला नालंदा बताया। संदेह के आधार पर उसके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी संख्या में संदिग्ध सामान बरामद हुआ।
बैग से 120 नशीली गोलियां और छह मोबाइल बरामद
आरोपी के बैग से छह स्मार्ट मोबाइल फोन मिले। इसके अलावा एटीवान-2 एमजी की नशीली दवा की चार स्ट्रिप बरामद हुईं, जिनमें कुल 120 टैबलेट थीं। एक कागज में लपेटा हुआ संदिग्ध नशीला पाउडर भी मिला। बैग से अलग-अलग कंपनियों के बिस्किट के पैकेट, दो लोहे के थ्रेड कटर, कागज में लपेटा हुआ एक पत्थर, पीली धातु से बना दुर्गा माता का लॉकेट, एक SBI बैंक का डेबिट कार्ड और 6 अक्टूबर 2026 का गया से तिलैया का रेलवे यात्रा टिकट भी बरामद हुआ।
पुलिस ने बरामद सभी सामानों को जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
यात्रियों को ऐसे बनाता था अपना शिकार
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह ट्रेन में सफर के दौरान पहले किसी यात्री को बातचीत के जरिए अपने विश्वास में लेता था। इसके बाद वह यात्री को अपना सामान देखने के लिए कहकर चाय या बिस्किट लाने की बात करता था। इसी दौरान वह चाय, बिस्किट अथवा किसी अन्य खाने की चीज में नशीला पदार्थ मिला देता था। कुछ मामलों में नशीला पदार्थ पाउडर के रूप में इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है। यात्री के बेहोश होने के बाद आरोपी उसका मोबाइल और अन्य सामान चोरी कर लेता था और मौका देखकर ट्रेन से उतर जाता था।
कई वारदातों से जुड़े तार, पुलिस कर रही सत्यापन
रेल डीएसपी गुलशन कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता इस तरह की अन्य घटनाओं में भी सामने आई है। कुछ मामलों में चोरी हुए सामान की बरामदगी भी हुई है। हालांकि, पुलिस अभी बरामद सामान और आरोपी से मिली जानकारियों का सत्यापन कर रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी अकेले ही वारदात करता था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति अथवा गिरोह भी जुड़ा हुआ है। पूर्व में हुई जहरखुरानी की घटनाओं से बरामद मोबाइल और अन्य सामान का मिलान भी कराया जा रहा है।
ऑपरेशन रेल प्रहरी के तहत कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई ऑपरेशन रेल प्रहरी के तहत की गई। सहायक सुरक्षा आयुक्त गया संजय कुमार सिंह और रेल पुलिस उपाधीक्षक गुलशन कुमार के निर्देशन में RPF और GRP की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम में RPF पोस्ट गया के अधिकारी एवं जवान, अपराध आसूचना शाखा और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
अधिकारियों ने बताया कि रेलवे में जहरखुरानी की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर हैं। ऐसे अपराधों पर रोक लगाने के लिए रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना गया (GRP) को सुपुर्द किया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर जहरखुरानी की अन्य घटनाओं और संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
#गयाजी
#गया_हो
#Crime
#GayaPolice
#बिहार
#CrimeNews
#gayarailwaystation