80 मूर्ति स्थलों के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का हुआ शुभारम्भ, प्रत्येक विधानसभा में 10 स्थलों का हुआ चयन
हरदोई, 26 नवम्बर। शासनादेश के अनुपालन में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों, आदर्शों एवं सामाजिक न्याय के प्रति उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा डॉ. बी.आर. अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत जनपद में बाबा साहेब एवं राष्ट्रीय स्तर के समाज सुधारकों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार यादव ने बताया कि जनपद की सभी आठ विधानसभाओं में 10-10 स्थलों का चयन किया गया है। इस प्रकार कुल 80 मूर्ति स्थलों का विकास एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। योजना के अंतर्गत चयनित स्थलों पर प्रतिमाओं के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्य किए जाएंगे। गुरुवार को प्रदेश के सभी कार्यक्रम स्थलों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा योजना के कार्यों का शुभारम्भ किया गया।
जनपद हरदोई में चयनित मूर्ति स्थलों पर जनप्रतिनिधियों द्वारा शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया गया। विधानसभा सदर के विकास खण्ड बावन की ग्राम पंचायत मानपुर में मा. राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल उपस्थित रहे। विधानसभा शाहाबाद के विकास खण्ड शाहाबाद की ग्राम पंचायत किलकिल में मा. राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने सहभागिता की। विधानसभा साण्डी के विकास खण्ड अहिरोरी की ग्राम पंचायत करीमनगर जलालपुर में मा. विधायक प्रभाष कुमार उपस्थित रहे।
इसी प्रकार विधानसभा सण्डीला के विकास खण्ड भरावन की ग्राम पंचायत जाजूपुर में मा. विधायक अल्का सिंह अर्कवंशी, विधानसभा बालामऊ के विकास खण्ड कोथावां की ग्राम पंचायत पिपरी में मा. विधायक रामपाल वर्मा उपस्थित रहे। विधानसभा गोपामऊ के विकास खण्ड टड़ियावां की ग्राम पंचायत रावल तथा विधानसभा सवायजपुर के विकास खण्ड हरपालपुर की ग्राम पंचायत सतौथा में नामित प्रतिनिधियों द्वारा कार्यक्रम में सहभागिता की गई। वहीं विधानसभा बिलग्राम-मल्लावां के विकास खण्ड माधौगंज की ग्राम पंचायत रूइया में मा. विधायक आशीष सिंह 'आशू' उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संबंधित ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान/प्रशासक, नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण), ग्राम विकास अधिकारी, समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी तथा ग्राम पंचायत सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Nov 26, 2026