59वीं हरियाणा राज्य स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का रोहतक में भव्य शुभारंभ, लगभग 2070 खिलाड़ी ले रहे भाग
हॉकी और योगासन में हरियाणा के खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, विभिन्न खेल मैदानों पर रोमांचक मुकाबले जारी
रोहतक, 21 सितंबर। शिक्षा विभाग, हरियाणा की ओर से 59वीं हरियाणा राज्य स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 23 सितंबर तक रोहतक के विभिन्न खेल मैदानों एवं विद्यालय परिसरों में करवाया जा रहा है। हॉकी एवं योगासन की इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 2070 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को नए बस स्टैंड के निकट स्थित एमडीएन पब्लिक स्कूल में भव्य समारोह के साथ किया गया। इस अवसर पर रोहतक के उपायुक्त सतबीर सिंह (आईएएस) ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
उपायुक्त सतबीर सिंह (आईएएस) ने विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों, टीम इंचार्ज एवं प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की गई हैं। खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी तथा उनके लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन एवं मेहनत के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखारते हुए भविष्य में विजेता बनकर हरियाणा प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।
जिला शिक्षा अधिकारी मंजीत मलिक ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से प्रतियोगिता के सफल एवं सुचारु आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों एवं टीम इंचार्ज को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और अपने जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करें।
प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी अशोक नांदल ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन में जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की ओर से पूर्ण सहयोग मिल रहा है। सभी खेल स्थलों पर खिलाड़ियों, टीम इंचार्ज एवं तकनीकी अधिकारियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जा रही हैं और खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध करवाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के प्रेस प्रभारी एवं बीईओ कलानौर संजय हुड्डा ने बताया कि हॉकी प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-17 लड़कों के मुकाबले एमडीएन पब्लिक स्कूल हॉकी ग्राउंड में आयोजित किए गए। पहले मुकाबले में पानीपत ने चरखी दादरी को 4-0 से, यमुनानगर ने राई स्पोर्ट्स स्कूल सोनीपत को 3-0 से, अंबाला ने सिरसा को 1-0 से तथा महेंद्रगढ़ ने झज्जर को 1-0 से हराया। पलवल की टीम के रिपोर्ट न करने पर फरीदाबाद को नियमानुसार विजेता घोषित किया गया। इसके अलावा करनाल ने सोनीपत को 1-0, हिसार ने पानीपत को 5-0, कुरुक्षेत्र ने फतेहाबाद को 7-0, जींद ने रोहतक को 2-0, यमुनानगर ने गुरुग्राम को 2-0 तथा कैथल ने महेंद्रगढ़ को 4-0 से हराया। अन्य मुकाबलों में फतेहाबाद ने अंबाला को 3-0, करनाल ने पंचकूला को 8-0, यमुनानगर ने रेवाड़ी को 2-0, पानीपत ने पलवल को 1-0, हिसार ने झज्जर को 1-0 तथा सोनीपत ने महेंद्रगढ़ को 6-0 से पराजित किया।
अंडर-19 आयु वर्ग के हॉकी मुकाबले राजीव गांधी स्टेडियम स्थित एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड पर करवाए गए। इनमें झज्जर ने महेंद्रगढ़ को 1-0, कुरुक्षेत्र ने अंबाला को 3-1, फरीदाबाद ने गुरुग्राम को 2-0, सिरसा ने राई स्पोर्ट्स स्कूल सोनीपत को 5-0 तथा कैथल ने पानीपत को 5-2 से हराया। चरखी दादरी को नूंह के विरुद्ध वॉकओवर मिला, जबकि पलवल की टीम के उपस्थित न होने पर रेवाड़ी को वॉकओवर दिया गया।
योगासन प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के लड़कों के मुकाबले राजीव गांधी स्टेडियम, रोहतक के कबड्डी हॉल में आयोजित करवाए जा रहे हैं। प्रतियोगिता के प्रथम दिन तीनों आयु वर्गों के लड़कों का ट्रेडिशनल इवेंट पूरा कर लिया गया, जिसके परिणाम अगले दिन जारी किए जाएंगे। इसी प्रकार लड़कियों की योगासन प्रतियोगिता स्कॉलर रोजरी स्कूल में आयोजित की जा रही है। इसमें अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के ट्रेडिशनल इवेंट भी पूरे कर लिए गए हैं, जिनके परिणाम अगले दिन जारी किए जाएंगे। प्रतियोगिता के शेष इवेंट निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लगातार आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी मंजीत मलिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता चहल, उप जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. नरेश, जिला परियोजना समन्वयक सुमन हुड्डा, नोडल अधिकारी अशोक नांदल, प्रेस प्रभारी एवं बीईओ कलानौर संजय हुड्डा, एमडीएन पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र पंवार, एईओ संजय मलिक एवं एईईओ संदीप दांगी सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे टीम इंचार्ज, प्रशिक्षक, तकनीकी अधिकारी एवं खिलाड़ी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं आयोजन समिति की ओर से प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
Uklana, Hissar | Sep 21, 2026