पुलिस लाइन हांसी में लगा नेत्र जांच शिविर, पुलिस कर्मचारियों व चालकों की हुई आंखों की जांच
हांसी। पुलिस अधीक्षक हांसी श्री विनोद कुमार, आईपीएस के मार्गदर्शन में पुलिस कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए पुलिस लाइन हांसी में गीतांजलि हॉस्पिटल, हिसार के सहयोग से नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में गीतांजलि हॉस्पिटल की मेडिकल टीम द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आंखों की जांच की गई। विशेष रूप से पुलिस विभाग के चालकों की आंखों की भी जांच की गई, क्योंकि वाहन चलाते समय बेहतर दृष्टि सड़क सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस चालकों को आंखों की नियमित जांच करवाने और किसी भी प्रकार की दृष्टि संबंधी परेशानी को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई।
मेडिकल टीम द्वारा कर्मचारियों को आंखों की देखभाल, नियमित जांच तथा मोबाइल और कंप्यूटर स्क्रीन के अधिक इस्तेमाल से होने वाली आंखों की समस्याओं से बचाव के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई। जांच के दौरान कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सुझाव भी दिए गए।
शिविर में डॉ. दीपक गुप्ता, नंदलाल, प्रिंस, शुभम सहित गीतांजलि हॉस्पिटल, हिसार की टीम तथा फार्मासिस्ट अमरजीत ने अपनी सेवाएं दीं। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शिविर में पहुंचकर नेत्र जांच का लाभ उठाया।
पुलिस अधीक्षक हांसी के मार्गदर्शन में पुलिस कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर समय-समय पर इस प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। पुलिसकर्मी स्वस्थ रहेंगे तो वे अधिक ऊर्जा और बेहतर कार्यक्षमता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर सकेंगे।
Uklana, Hissar | Sep 21, 2026