*रेलवे स्टेशन पर ऑटो रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों व चालकों के साथ थाना प्रभारी ने की बैठक, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के दिए निर्देश,ऑटो चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की दी हिदायत*
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार त्योहारों के सीजन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से थाना शहर यमुनानगर प्रभारी मनोज कुमार ने रेलवे स्टेशन पर ऑटो रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों एवं चालकों के साथ बैठक का आयोजन किया। बैठक के दौरान ऑटो चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में ऑटो रिक्शा चालकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित एवं उचित स्थान पर खड़ा करें, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो और आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक ऑटो रिक्शा पर उसका रजिस्ट्रेशन नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए। कोई भी चालक सड़क के बीच में ऑटो खड़ा न करे। यदि किसी सवारी को वाहन में बैठाना या उतारना हो, तो ऑटो को सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर रोककर ही यह कार्य किया जाए। इससे सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न होने से बचाया जा सकेगा और अन्य वाहन चालकों को भी आवागमन में सुविधा रहेगी।
थाना प्रभारी ने ऑटो चालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि कोई भी चालक नशे की हालत में वाहन न चलाए। नशे में वाहन चलाने से चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। यदि कोई चालक नशे में वाहन चलाता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी चालकों से जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान ऑटो रिक्शा यूनियन के प्रधान मनीष कुमार ने पुलिस को आश्वासन दिया कि वह यूनियन के सभी ऑटो चालकों के साथ बैठक कर पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों से उन्हें अवगत करवाएंगे। उन्होंने कहा कि यूनियन की ओर से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग किया जाएगा तथा चालकों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यमुनानगर शहर में करीब 9000 ऑटो एवं रिक्शा संचालित होते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए ऑटो चालकों का सहयोग आवश्यक है। बैठक में यूनियन प्रधान मनीष कुमार, उप प्रधान बृजपाल, धर्मेंद्र, उप प्रधान रवि कुमार, सेक्रेटरी हरीश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं ऑटो चालक मौजूद रहे।
Uklana, Hissar | Sep 21, 2026