प्रोजेक्ट परख-तैयारी उड़ान के तहत जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में तिथि भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित
--------------------------
*अगस्त माह में जन्मदिन वाले विद्यार्थियों का सामूहिक रूप से मनाया गया जन्मोत्सव, बच्चों को मिला विशेष भोजन*
--------------------------
*फ्यूचर वोटर्स को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा पात्र छात्राओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ लेने के लिए किया गया प्रेरित*
प्रोजेक्ट परख-तैयारी उड़ान के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में तिथि भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अगस्त माह में जन्मदिन वाले विद्यार्थियों का विद्यालय स्तर पर सामूहिक रूप से जन्मोत्सव मनाया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक केक काटकर अपने सहपाठियों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विशेष भोजन की भी व्यवस्था की गई, जिससे विद्यालयों में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में जिला स्तर से प्रत्येक प्रखंड के लिए प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न सरकारी विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया। वरीय पदाधिकारियों ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ अपने अधिकारों, जिम्मेदारियों एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
इस दौरान विद्यालयों में अध्ययनरत फ्यूचर वोटर्स को विशेष रूप से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले अथवा निर्धारित अर्हता पूरी करने वाले विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम पंजीकरण की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें अपने परिवार एवं आसपास के पात्र लोगों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
वहीं, विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र छात्राओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना की जानकारी देते हुए योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। छात्राओं को योजना के उद्देश्य एवं पात्रता की जानकारी देते हुए कहा गया कि सरकार द्वारा किशोरियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने, उन्हें सशक्त बनाने तथा विद्यालयी शिक्षा से जोड़कर रखने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र छात्राएं निर्धारित प्रक्रिया के तहत योजना का लाभ प्राप्त करें।
तिथि भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में आपसी प्रेम, सौहार्द एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देने के साथ विद्यालयों को बच्चों के लिए आनंददायक एवं प्रेरणादायी सीखने का केंद्र बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता रही। प्रोजेक्ट परख-तैयारी उड़ान के तहत आयोजित इस पहल से विद्यालयों में उत्साह और सकारात्मक वातावरण का संचार हुआ।