सेवा संकल्प अभियान के तहत आईटीआई विदिशा में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
..
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) विदिशा में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ब्रह्माकुमारी सपना दीदी द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों एवं उससे होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक हानियों के संबंध में जागरूक किया गया। ब्रह्माकुमारी सपना दीदी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य एवं भविष्य को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आईटीआई विदिशा के प्राचार्य सुश्री कविता रघुवंशी ने कहा कि युवावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है और इस समय सही दिशा एवं सकारात्मक संस्कार युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नशा व्यक्ति की कार्यक्षमता, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षणार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों एवं अच्छे जीवन मूल्यों के प्रति जागरूक करना भी संस्थान की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज में नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारी, प्रशिक्षण अधिकारी, प्रशिक्षकगण एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे की बुराइयों से अवगत कराकर उन्हें स्वस्थ, अनुशासित, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा। #vidisha #NashaMuktBharat #SevaSankalpAbhiyan