आईटीआई विदिशा में आयोजित हुई एक दिवसीय ‘अल्पविराम आनंद’ कार्यशाला
..
छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ ने जाना जीवन में आनंद, मदद और क्षमा का महत्व
..
आनंद विभाग विदिशा की टीम द्वारा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) विदिशा में छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ के लिए एक दिवसीय ‘अल्पविराम आनंद कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को दैनिक जीवन की व्यस्तताओं के बीच आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच तथा आनंद की अनुभूति से जोड़ना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मास्टर ट्रेनर श्री संजय श्रीवास्तव द्वारा राज्य आनंद संस्थान के परिचय से की गई। उन्होंने राज्य आनंद संस्थान द्वारा आनंद की दिशा में संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि जीवन में आनंद की अनुभूति केवल बाहरी परिस्थितियों पर निर्भर नहीं है, बल्कि व्यक्ति के विचार, व्यवहार और दृष्टिकोण भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसके पश्चात मास्टर ट्रेनर श्रीमती अंजना श्रीवास्तव द्वारा अल्पविराम कार्यशाला के प्रमुख टूल ‘लाइव बैलेंस शीट’ का प्रदर्शन किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को इस टूल की उपयोगिता समझाते हुए मदद और क्षमा से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि जीवन में कुछ समय स्वयं के लिए निकालकर अपने विचारों एवं अनुभवों पर चिंतन करना व्यक्ति को मानसिक रूप से संतुलित एवं सकारात्मक बनाने में सहायक होता है। उन्होंने अल्पविराम के माध्यम से जीवन में आनंद की अनुभूति को विस्तार से समझाया। कार्यक्रम में प्रभारी नोडल अधिकारी डॉ. जय बाबू अहिरवार ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने अल्पविराम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों से कार्यशाला के दौरान प्राप्त अनुभवों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला के समापन अवसर पर आगामी तीन दिवसीय आनंद कार्यशाला में सहभागिता के इच्छुक प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के नामों के लिए सहमति ली गई। इस अवसर पर आईटीआई के इंस्ट्रक्टर श्री महेंद्र सिंह रघुवंशी ने उपस्थित स्टाफ, छात्र-छात्राओं तथा आनंदम टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आईटीआई की प्राचार्य श्रीमती कविता रघुवंशी की विशेष भूमिका रही। कार्यशाला में उपस्थित आईटीआई स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने आनंद विभाग द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की। #Vidisha
46 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Sep 29, 2026