सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आँगन मिलन सेवा पखवाड़ा के द्वितीय चरण का शुभारंभ
..
वर्धा ग्राम पंचायत में आयोजित हुआ मुख्य कार्यक्रम, शमशाबाद विधानसभा के 414 आंगनवाड़ी केन्द्रों में हुए आयोजन
..
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आँगन मिलन सेवा पखवाड़ा के द्वितीय चरण का शुभारंभ आज शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र की वर्धा ग्राम पंचायत में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के साथ किया गया। इस अवसर पर शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र के कुल 414 आंगनवाड़ी केन्द्रों में विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। वर्धा ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शमशाबाद विधायक श्री सूर्य प्रकाश मीना उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्रीमती मंजरी जैन, श्रीमती अंशलेखा भावसार तथा शमशाबाद नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती भारती माहेश्वरी उपस्थित रहे। साकल खेड़ा की सरपंच श्रीमती कल्पना किरार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री सूर्य प्रकाश मीना ने उपस्थित सभी माताओं और बहनाओं पर पुष्प वर्षा कर उनके इस कार्यक्रम में उपस्थित होने पर आभार व्यक्त किया. आगे आंगनवाड़ी केन्द्रों को महिलाओं एवं बच्चों के लिए शासन की योजनाओं और सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण, स्वास्थ्य, बाल विकास एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने समुदाय से आंगनवाड़ी केन्द्रों की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों का बेहतर पोषण, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आंगनवाड़ी केन्द्रों के माध्यम से संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र हितग्राही तक पहुंचे, इसके लिए जनप्रतिनिधियों, विभागीय अमले एवं समुदाय के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
मुख्यमंत्री जी की अपील का वाचन -
कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा जारी अपील का वाचन जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, विदिशा श्रीमती विनीता लोढ़ा द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देते हुए आंगनवाड़ी केन्द्रों की गतिविधियों में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान -
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को भी प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं, बच्चों एवं किशोरियों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। स्वास्थ्य विभाग की सहभागिता के माध्यम से स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित सेवाओं के प्रति भी समुदाय को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं का स्वास्थ्य परिक्षण स्वास्थ्य विभाग के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती विनीता लोढ़ा, परियोजना अधिकारी विदिशा ग्रामीण श्रीमती नेहा जैसवाल, परियोजना अधिकारी नटेरन श्रीमती कमला पवार, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर श्रीमती नीतू राय सहित महिला एवं बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग से ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर श्रीमती नीतू राय एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में 200 से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने सहभागिता की। कुल मिलकर 500 से अधिक महिलाओं एवं 150 से अधिक बच्चों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। आँगन मिलन सेवा पखवाड़ा के माध्यम से आंगनवाड़ी केन्द्रों और समुदाय के बीच सहभागिता को मजबूत करते हुए शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। #SevaSankalpAbhiyan #Vidisha