आदित्य मिश्रा ने संभाली देवास एसपी की कमान, पदभार ग्रहण करते ही राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में हुए शामिल
पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ देखा राष्ट्रीय एकता परेड-2026 का सीधा प्रसारण, सरदार पटेल के एकता और अखंडता के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प
देवास। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर देवास जिले के पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद वे राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड-2026 का सीधा प्रसारण दिखाया गया। नवागत एसपी आदित्य मिश्रा सहित कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से परेड का लाइव प्रसारण देखा।
कार्यक्रम में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए दिए गए योगदान को याद किया गया। साथ ही उनके विचारों को आत्मसात करते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपने कार्य व्यवहार में उतारने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। देवास पुलिस ने राष्ट्र की एकता और सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए अनुशासन, जनसेवा और कर्तव्यनिष्ठा के साथ दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया।