जमुई: आवासीय SPM एकेडमी में भव्य कार्यक्रम का हुआ आयोजन
शहर के बोधवन तालाब बिठलपुर रोड स्थित सहदेव नगर में आवासीय SPM एकेडमी में दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर मातृ पूजन एवं डांडिया महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ उनके माता-पिता ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। मां दुर्गा की आराधना, मातृ पूजन और डांडिया की रंगारंग प्रस्तुति से विद्यालय परिसर भक्तिमय एवं उत्सवी माहौल में सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की आरती और मातृ पूजन के साथ हुआ। इस दौरान बच्चों ने श्रद्धा और भक्ति भाव से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। साथ ही मातृ पूजन के माध्यम से अपने माता-पिता के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता का संदेश दिया। डांडिया महोत्सव में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भारतीय संस्कृति और पारंपरिक लोकनृत्य की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक शिवमंगल कुमार ने दुर्गा पूजा के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को पर्व की विशेषताओं से अवगत कराते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में संस्कार, अनुशासन, आपसी प्रेम और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मातृ पूजन के महत्व को बताते हुए कहा कि माता-पिता का सम्मान करना और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना हमारी संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है। अंत मे उन्होंने दुर्गापूजा पर्व की बधाई दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्राचार्य अजीत कुमार शिक्षक अमन कुमार, आदित्य कुमार, नीतू और राजलक्ष्मी का विशेष योगदान रहा। वहीं, छात्र-छात्राओं राशि शांवी, गीता झा, श्रेया, दीपिका, खुशी, प्रिशा, खुशबू और प्रियम् भारती ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को यादगार बनाया।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस महोत्सव ने बच्चों और अभिभावकों के बीच खुशी, उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को धार्मिक परंपराओं, मातृ सम्मान और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया गया। #jamui #privateschools #jamuinews
Jamui, Jamui | Oct 19, 2026