कच्ची दीवार गिरने से युवक मलबे में दबा, गंभीर रूप से घायल
हरदोई तहसील शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम पंचायत बीहट नेवादा (टोडरपुर) में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर जाने से उसके मलबे में दबकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे बीहट नेवादा निवासी मूलचंद पुत्र नोखे अपने घर के पास मौजूद थे, तभी अचानक जर्जर कच्ची दीवार भरभराकर गिर पड़ी। मूलचंद दीवार के मलबे के नीचे दब गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर भारी मशक्कत के बाद मूलचंद को मलबे से बाहर निकाला।
दीवार के मलबे में दबने से पास में खड़ी एक पंपिंग मशीन और मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के तुरंत बाद आनन-फानन में घायल मूलचंद को इलाज के लिए हरदोई जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को भी दे दी गई है।
Hardoi, Hardoi | Oct 6, 2026