औरैया मे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से ऑटो सवार युवक की मौत, पत्नी और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल
अजीतमल। मुरादगंज-अयाना रोड पर कस्बे की ओर जाने वाले गेट के सामने सोमवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो में सवार युवक को रगड़ दिया। हादसे में सड़क पर गिरे युवक के ऊपर से ट्रॉली का पहिया निकल गया। गंभीर हालत में उसे सीएचसी अजीतमल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पति को गंभीर हालत में देखकर पत्नी भी सदमे में बेसुध हो गई।
जानकारी के अनुसार महाराज सिंह (35) पुत्र बालकराम निवासी डेरा बंजारन, भोतापुर, थाना अयाना ऑटो से अयाना की ओर जा रहे थे। बताया गया कि वह ऑटो के किनारे बैठे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें रगड़ दिया। झटका लगने से महाराज सिंह सड़क पर गिर गए और ट्रॉली का पहिया उनके ऊपर से निकल गया।
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी अजीतमल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद महाराज सिंह को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी मिथलेश का रो-रोकर बुरा हाल है। वह सदमे में कई बार बेसुध हो गई। वहीं छोटा बेटा प्रांशु मां के साथ बिलखता रहा।
परिजनों के मुताबिक मृतक के दो बड़े बेटे आकाश और आशीष गुजरात में रहकर मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी मिथलेश के अलावा पुत्र प्रांशु और पुत्री जूली भी हैं। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भी मातम का माहौल है।
स्थानः अजीतमल, औरैया
Hardoi, Hardoi | Oct 6, 2026