उदयपुर में शूलधारिणी सेना की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 1000 से अधिक महिलाओं ने धारण किए कलश
नासिक ढोल की गूंज, शस्त्र प्रदर्शन और आकर्षक झांकियों ने बांधा समां, आवरी माता मंदिर में स्थापित किए गए नवदुर्गा स्वरूप
उदयपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर शनिवार को उदयपुर में शूलधारिणी सेना की ओर से निकाली गई भव्य शोभायात्रा में भक्ति, शक्ति और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। रेती स्टैंड स्थित आवरी माता मंदिर से रवाना हुई शोभायात्रा में 1000 से अधिक महिलाओं ने माता रानी की चुनरी ओढ़कर सिर पर कलश धारण किए और पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कलश धारण किए महिलाओं की कतारों और माता रानी के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा में नासिक ढोल की गूंज ने लोगों को आकर्षित किया, वहीं बाहुबली हनुमानजी, भगवान नरसिंह, शिव अघोरी मंडली और श्रीनाथजी की आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। अश्व नृत्य, लोक नृत्य और अखाड़े के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। शस्त्र प्रदर्शन के दौरान वीरता और शौर्य की झलक देखने को मिली। मार्ग में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया।
नवदुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना, पर्यावरण संरक्षण का संदेश
शूलधारिणी सेना के जिलाध्यक्ष संदीप चौहान ने बताया कि शोभायात्रा टेकरी चौराहा, माली कॉलोनी, देवनारायण मंदिर, परशुराम चौराहा और राजेंद्र नगर होते हुए टेकरी स्कूल पहुंची। इसके बाद शोभायात्रा पुनः आवरी माता मंदिर लौटी, जहां नवदुर्गा स्वरूपों की प्रतिमाएं स्थापित की गईं।
आयोजन की विशेषता मिट्टी से निर्मित नवदुर्गा प्रतिमाएं रहीं, जिनके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। शूलधारिणी सेना पिछले 19 वर्षों से इस धार्मिक आयोजन को निरंतर करती आ रही है। आयोजन से पहले कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों को निमंत्रण दिया था।
सेना के कार्यकर्ताओं ने संभाली व्यवस्थाएं
आयोजन में सेना संस्थापक गजेंद्र आचार्य, प्रदेश सचिव भूपेंद्र धाभाई, सेना उप प्रमुख सतीश मालवीय, जिलाध्यक्ष संदीप चौहान, नगर अध्यक्ष संजय सुथार, महेंद्र सिंह चौहान, नितिन सिंह गहलोत, प्रशांत तेली, सुनील निमावत, हरीश सालवी, महावीर प्रसाद शर्मा, शालीभद्र नागोरी और हार्दिक तेली सहित सेना के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
शोभायात्रा ने शहर में धार्मिक उत्साह के साथ भारतीय परंपरा, शौर्य और नारी शक्ति का संदेश दिया।
Badgaon, Udaipur | Oct 10, 2026