पंचायत सलेमपुर में हरदयाल सिंह गुर्जर बने सरपंच, शलीम खांन उप सरपंच निर्वाचित; ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से किया ऐतिहासिक स्वागत
दौसा जिले की ग्राम पंचायत सलेमपुर (थाना सलेमपुर क्षेत्र) में संपन्न हुए पंचायत चुनाव के बाद गांव में जश्न का माहौल है। सरपंच पद के कड़े मुकाबले में हरदयाल सिंह गुर्जर ने शानदार जीत दर्ज की है।निर्वाचन परिणाम के अनुसार हरदयाल सिंह गुर्जर ने कुल 627 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 142 वोटों के अंतर से पराजित किया। वहीं वार्ड पंचों की सहमति व मतदान प्रक्रिया के बाद शलीम खांन को उप सरपंच चुना गया।
जीत की आधिकारिक घोषणा होते ही समर्थकों और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया।परिणाम सामने आते ही समर्थकों ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया।
गांव में निकला विजय जुलूस, उमड़ा जनसैलाब
नवनिर्वाचित सरपंच हरदयाल सिंह गुर्जर और उप सरपंच शलीम खांन का ग्रामीणों ने फूल-मालाओं, साफा पहनाकर और मिठाई बांटकर भव्य नागरिक अभिनंदन किया। समर्थकों ने डीजे और ढोल-नगाड़ों की थाप पर विजय जुलूस निकाला, जिसमें सर्वसमाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए और दोनों नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया।
विकास और पारदर्शिता होगी प्राथमिकता: हरदयाल सिंह गुर्जर
शानदार जीत के बाद नवनिर्वाचित सरपंच हरदयाल सिंह गुर्जर ने पंचायत की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि सलेमपुर की समस्त जनता और कार्यकर्ताओं के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, नाली निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। बिना किसी भेदभाव के पंचायत में चहुंमुखी विकास कार्य कराए जाएंगे।
उप सरपंच शलीम खांन ने भी ग्रामीणों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वे सरपंच के साथ मिलकर पंचायत के विकास को नई गति देंगे और गांव में भाईचारा व सौहार्द बनाए रखेंगे।इस दौरान हवलदार अल्लादीन, भूरे खां, मुखी खांन, सत्तार खांन, डाक्टर समसुद्दीन उर्फ साबू, सूबेदार अल्ताफ हुसैन, युशुफ मिस्त्री, जैकी, अंसार हुसैन सहित कई लोग मौजूद रहे।
कवरेज कलमुद्दीन खांन संचालक आर के न्यूज राजस्थान
Badgaon, Udaipur | Oct 31, 2026