अंडर-17 बालिका वर्ग में मिला रजत पदक, जहानाबाद के चार खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाया दमखम
जहानाबाद : दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रग्बी प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक और बालिका वर्ग में बिहार की टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, अंडर-17 बालिका वर्ग में बिहार की टीम उपविजेता रही और रजत पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि में जहानाबाद के चार खिलाड़ियों की भी अहम भूमिका रही।
प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अंडर-14 बालिका वर्ग में पंडुई गांव की मेंदी कुमारी और अंजना कुमारी ने बिहार का प्रतिनिधित्व किया। दोनों खिलाड़ियों ने टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसी तरह अंडर-14 बालक वर्ग में शकूराबाद के प्रकाश कुमार ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम को चैंपियन बनाने में योगदान दिया। जबकि अंडर-17 बालिका वर्ग में पंडुई की तमन्ना कुमारी ने अपने प्रदर्शन से टीम को रजत पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का जहानाबाद रेलवे स्टेशन पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। परिजनों, ग्रामीणों और खेल प्रशिक्षकों ने फूल-मालाओं एवं पुष्पगुच्छ देकर उनका उत्साह बढ़ाया। खिलाड़ियों की सफलता से जिले के खेल प्रेमियों और ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
इस अवसर पर प्रशिक्षक ने कहा कि जहानाबाद के चार खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की है। जिले की बेटियां भी खेल प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यहां प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। उन्हें उचित प्रशिक्षण और बेहतर अवसर मिले तो वे आगे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। खिलाड़ियों की इस सफलता से दूसरे बच्चों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।