पुलिस और विभिन्न संघों के प्रतिनिधियों के बीच हुआ संवाद, यातायात व्यवस्था व अपराध नियंत्रण पर चर्चा
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के मार्गदर्शन में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स में पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से ‘पुलिस से संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें व्यापारी संघ, टेंपो संघ, बस संघ एवं ट्रक संघ के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, जाम की समस्या से निजात दिलाने, अपराध नियंत्रण और साइबर अपराध से बचाव सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध एवं यातायात) भी उपस्थित रहे। इस दौरान शहर में बढ़ते वाहनों के दबाव, सड़क पर अनियंत्रित तरीके से वाहन खड़े करने, निर्धारित स्थानों के बजाय सड़क किनारे सवारी उतारने और चढ़ाने, बाजारों में लगने वाले जाम तथा यातायात नियमों के पालन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। पुलिस अधिकारियों ने संघ के प्रतिनिधियों से अपील की कि वाहन चालक निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर आवागमन बाधित नहीं करें।
बैठक में टेंपो, बस एवं ट्रक चालकों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने में जिम्मेदारी निभाने, निर्धारित स्थानों पर ही वाहनों को खड़ा करने तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। वहीं, व्यापारियों से भी बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण और सड़क पर सामान फैलाने से बचने की अपील की गई, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो।
इसके अलावा साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को लेकर लोगों को जागरूक करने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने और अपराध नियंत्रण में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। संघों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आपसी समन्वय से समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की जाएगी। साथ ही सभी संघों के प्रतिनिधियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस प्रशासन को सहयोग देने की अपील की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत करना तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाकर सुरक्षित, व्यवस्थित और भयमुक्त जहानाबाद का निर्माण करना है।