बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत दादूपुर पंचायत के झमटिया भगवानपुर दियारा में शनिवार को एक व्यक्ति का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और देखने वाले लोगों की भीड़ जमा हो गई।
उक्त मृतक की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के चकनवादा मौलवी चक निवासी 55 वर्षीय शिवजी साहनी के रूप में हुई है।
शिवजी साहनी शुक्रवार को मछली पकड़ने के लिए झमटिया भगवानपुर दियारा स्थित एक ढाव में आए थे, लेकिन वह घर नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की लेकिन कुछ पता ही नहीं चला और पानी में उनकी नाव पलटी हुई मिली। इसके बाद पानी में भी काफी खोजबीन हुई, परंतु शाम तक नहीं मिले।
आज सुबह नदी किनारे उनका शव उबलती हुई हालत में देखा गया, जिसे लोगों ने बाहर निकाला और घटना की सूचना बछवाड़ा पुलिस को दी गई। जहां पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
मृतक शिवजी साहनी मछली बेचकर परिवार का गुजारा करते थे। उनके चार बेटे और चार बेटियां हैं, जिनमें से दो बेटे और दो बेटियों की शादी हो चुकी है। इस घटना से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक के भाई कलकती साहनी और ग्रामीण राम शगुन साहनी ने बताया कि शिवजी साहनी कई सालों से मछुआरे का काम कर रहे थे और इसी से उनका और परिवार का भरण पोषण होता था। लेकिन जब कल मछली मारने के लिए आए, तो वह घर नहीं लौटे और आज उनका शव बरामद हुआ है।
दादूपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना यादव और समाजसेवी विशाल कुमार ने शोक व्यक्त करते हुए बताया कि शिवजी साहनी मिलनसार व्यक्ति थे और इस नदी में वर्षों से मछली मारकर जीवन-यापन करते थे। यह घटना हृदय विदारक है और पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा दिया जाए।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विकाश कुमार राय ने बताया कि एक व्यक्ति का शव नदी से बरामद हुआ है, जिनकी पहचान हो गई है। उन्होंने कहा कि कागजी प्रक्रिया कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है एवं आगे की कार्रवाई की जा रही है।