बेगूसराय के बछवाड़ा में बुधवार को आक्रोशित लोगों ने बिजली कार्यालय का घेराव कर एसडीओ और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर समस्या हल न होने पर हड़ताल एवं सड़क जाम की चेतावनी दी है।
गुस्साए लोगों का आरोप है कि एसडीओ की लापरवाही से गोधना पंचायत के मजनूपुर नवादा के चार वार्ड (5, 7,11, 12) में 10 दिनों से बिजली बंद है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
गौरतलब हो कि 6 अक्टूबर मंगलवार को गजबोर गाछी में जमीन पर गिरी हाई टेंशन 11000 वोल्ट के तार की चपेट में आने से चंदन कुमार चौधरी की मौत हुई थी और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया था। हालांकि, बिजली सुधार और मुआवजे के आश्वासन पर करीब 3:30 घंटे बाद जाम खत्म कराया गया। लेकिन बिजली विभाग के द्वारा इस पर कोई ठोस संज्ञान नहीं लिया गया और तब से नवादा गांव में लाइट कटा हुआ है।
आक्रोशित अर्जुन पासवान, रूपक पासवान, शिवम कुमार, मन्नू कुमार, राजकुमार पासवान, कमल पासवान समेत कई लोगों ने बताया कि बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई और मोबाइल चार्जिंग प्रभावित है। उन्होंने कहा कि दिन में तो किसी तरह गुजारा हो जाता है। लेकिन, रात में सांप-कीड़ों का डर बना रहता है और जीना दुश्वार हो चुका है।
मुखिया प्रतिनिधि राजीव चौधरी ने एसडीओ और जेई पर बिना लेनदेन के कोई काम न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि बिजली की लचर व्यवस्था को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के पत्र लिखने के बावजूद भी विभाग ने कोई संज्ञान नहीं लिया। जिस वजह से चार लोगों की जान गई और दो मवेशी मौत के शिकार हुए।
उन्होंने ने कहा पिछले 10 दिनों से बिजली नहीं होने के कारण गोधना पंचायत के वार्ड संख्या 5, 7, 11, 12 मजनूपुर नवादा के करीब 3000 आबादी प्रभावित है और लोगों को काफी दिक्कतें हो रही है। यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो प्रदर्शन और सड़क जाम किया जाएगा।
इस संबंध में एसडीओ संजीव कुमार के सरकारी नंबर पर कॉल किया गया। लेकिन उन्होंने फोन उठाना तक मुनासिब नहीं समझा।