मोबाइल को लेकर भाई-बहन में हुआ विवाद, 8 वर्षीय बच्चे ने उठाया आत्मघाती कदम; गांव में पसरा मातम
जालौन। कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम डूंगरपुरवा में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर भाई-बहन के बीच हुए विवाद के बाद एक आठ वर्षीय बच्चे द्वारा आत्महत्या किए जाने की दुखद घटना सामने आई है। घटना 3 नवंबर 2026 की बताई जा रही है।
क्षेत्राधिकारी जालौन अजय कुमार सिंह के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो जानकारी हुई कि करीब आठ वर्षीय बच्चे का अपनी उससे लगभग डेढ़ साल बड़ी बहन से मोबाइल इस्तेमाल करने को लेकर विवाद हो गया था। घटना के समय माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। भाई-बहन के बीच कहासुनी और झगड़े के बाद बच्चा कमरे में चला गया, जहां उसने आत्महत्या कर ली।
परिजनों ने भी पुलिस को प्रारंभिक तौर पर मोबाइल को लेकर भाई-बहन के बीच हुए विवाद की जानकारी दी है। पुलिस ने बच्चे के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आना अभी शेष है।
सीओ ने कहा कि बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल पर अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत
सीओ जालौन अजय कुमार सिंह ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि यह मामला बच्चों पर मोबाइल के बढ़ते प्रभाव और उनकी मानसिक स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल देने की अवधि, उसके इस्तेमाल के तरीके और उनकी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दें। बच्चों के व्यवहार और मानसिक स्थिति को समझते हुए उनके साथ संवाद बनाए रखना भी बेहद जरूरी है।
Orai, Jalaun | Nov 5, 2026