बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर काल बना बेकाबू ट्रक, आग में जिंदा जले चालक और परिचालक
जालौन। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की जान चली गई। ईंटों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरा। इसके बाद ट्रक में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से चालक और परिचालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 209.2 पर तड़के लगभग तीन बजे हुआ। ट्रक एटा से ईंटें लेकर हमीरपुर के राठ जा रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रक के नीचे गिरते ही लदी हुई ईंटें खिसककर केबिन में जा घुसीं, जिससे उसमें सवार दोनों लोग फंस गए। इसी दौरान बिजली की केबलों से टकराने के बाद शॉर्ट सर्किट की आशंका के चलते ट्रक में आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि चालक और परिचालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। सूचना पर पहुंची पुलिस और बचाव टीम को राहत कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब सात घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के बुरी तरह जले शव बाहर निकाले जा सके।
मृतकों की पहचान एटा जिले के निवासी चालक राजकुमार और फिरोजाबाद जिले के निवासी परिचालक सचिन यादव के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया चालक को झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
Orai, Jalaun | Nov 4, 2026