*गंगा उत्सव 2026 के अवसर पर नगर पंचायत सबौर में चला स्वच्छता अभियान*
भागलपुर, 04 नवम्बर 2026।
गंगा उत्सव 2026 के अवसर पर जिला गंगा समिति, भागलपुर के सौजन्य से नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत नगर पंचायत सबौर क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत सबौर के नेतृत्व में नगर पंचायत की स्वच्छता टीम द्वारा गंगा घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई की गई। अभियान के दौरान घाट की सीढ़ियों, नदी तट एवं आसपास के स्थलों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर स्थानीय लोगों एवं स्वच्छता कर्मियों को नदियों एवं जलस्रोतों को स्वच्छ रखने, कचरा नहीं फैलाने तथा घाटों की नियमित साफ-सफाई में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से गंगा एवं अन्य जलस्रोतों का संरक्षण तथा स्वच्छ और निर्मल पर्यावरण को बढ़ावा देना है।
सौजन्य : जिला जनसंपर्क कार्यालय, भागलपुर