#बालाघाट
प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य सेवाएं तेज, 228 मरीज स्वस्थ, 3,600 मच्छरदानियों से मजबूत हुई सुरक्षा
जिले के बीमारी से प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं जनसुरक्षा को लेकर विभिन्न विभागों का संयुक्त अभियान लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग सहित महिला एवं बाल विकास, जनजातीय कार्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य एवं पशु चिकित्सा विभाग की टीमें गांवों में पहुंचकर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण एवं उपचार की कार्रवाई लगातार जारी है। 26 अगस्त तक अस्पताल में भर्ती 256 मरीजों में से 228 मरीज स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए जा चुके हैं, जबकि 28 मरीज उपचाररत हैं और पूर्णतः स्वस्थ हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बैहर विकासखंड के 20 तथा बिरसा विकासखंड के 33, कुल 53 आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई कराई गई। इन केंद्रों पर बैहर के 338 एवं बिरसा के 784, कुल 1,122 बच्चों को भोजन उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा बैहर में 92 तथा बिरसा में 287 महिला एवं बच्चों को घर पर भोजन पहुंचाया गया। पात्र बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को THR भी उपलब्ध कराया गया।
जनजातीय कार्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्र के छात्रावासों, आश्रमों एवं विद्यालयों में पानी की टंकियों की सफाई कराई जा चुकी है तथा नियमित स्वच्छता सुनिश्चित की जा रही है। मच्छरों से बचाव के लिए बैहर के 26 छात्रावासों में 1,300 एवं 6 आश्रमों में 300 तथा बिरसा के 32 छात्रावासों में 1,600 एवं 8 आश्रमों में 400 मच्छरदानियां उपलब्ध कराई गईं। दोनों विकासखंडों में कुल 3,600 मच्छरदानियां उपलब्ध कराई गई हैं।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा बैहर के 2 ग्रामों में 5 तथा बिरसा के 3 ग्रामों में 25 जल स्रोतों का क्लोरीनेशन किया गया। बिरसा विकासखंड में 20 जल स्रोतों से पानी के नमूने भी लिए गए।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जल स्रोतों के आसपास सफाई, दवा छिड़काव, गड्ढों की भराई एवं सड़क मार्गों की सफाई कराई गई। जनपद पंचायत बिरसा के 4 ग्रामों में 4 स्थानों पर नाली सफाई तथा 12 ग्रामों में 15 स्थानों पर डार्क स्पॉट की सफाई की गई।
खाद्य विभाग द्वारा प्रभावित ग्रामों में राशन का नियमित वितरण सुनिश्चित किया गया। राशन आपके द्वार योजना एवं शासकीय उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से बैहर के 2 ग्रामों के 67 तथा बिरसा के 2 ग्रामों के 43 परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया।
पशु चिकित्सा विभाग द्वारा बैहर के 3 ग्रामों में 237 पशुओं की जांच एवं 474 पशुओं का HSBQ टीकाकरण किया गया। बिरसा विकासखंड के एक ग्राम में 6 पशुओं का परीक्षण किया गया। पशुपालकों को पशुओं एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई रखने की समझाइश दी गई। हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड, मलांजखंड द्वारा प्रभावित ग्रामों में 100 परिवारों को मच्छरदानियां वितरित की गईं।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#minprdd #WelfareTribal
#healthminmp
Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 27, 2026