#बालाघाट
कृषि विभाग की विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक संपन्न
कर्मचारियों की लंबित समस्याओं, एरियर भुगतान और सेवा पुस्तिका संधारण का मुद्दा उठा
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देशानुसार 10 नवंबर को किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं और सेवा संबंधी विषयों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस बालाघाट की ओर से समयमान वेतनमान योजना के अंतर्गत जिन अधिकारी-कर्मचारियों के विभागीय आदेश जारी हो चुके हैं, उनके एरियर का तत्काल भुगतान किए जाने की मांग रखी गई। इसके साथ ही विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं का नियमित संधारण, जीपीएफ पासबुक एवं नवीन अंशदायी पेंशन योजना की पासबुक अद्यतन रखने, अर्जित अवकाश की नियमानुसार प्रविष्टि करने तथा सेवा पुस्तिका में संबंधित शासकीय सेवकों के हस्ताक्षर सुनिश्चित कराने की मांग की गई।
कर्मचारी संगठनों ने कृषि के क्षेत्र में नवाचार एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित किए जाने का सुझाव भी दिया। इसके अलावा सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार प्रत्येक तीन माह में विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित करने तथा शासकीय कार्यालयों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं अन्य महापुरुषों के छायाचित्र लगाए जाने की मांग रखी गई।
बैठक में उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय ने कर्मचारी संगठनों से प्राप्त एजेंडे का बिंदुवार एवं सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने प्रस्तुत मांगों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। साथ ही कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन में कर्मचारी संगठनों से सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक में मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्री सजल मस्की, मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष श्री अशोक बिसेन, मध्यप्रदेश लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष श्री समीर पाराशर, मध्यप्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष श्री संतोष प्रधान, मध्यप्रदेश वाहन चालक संघ के जिला अध्यक्ष मोहम्मद इमरान कुरैशी सहित कृषि विभाग के लिपिक उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#minmpkrishi