*जगदीशपुर में वासंतिक (रबी) महाअभियान-2026 के तहत प्रखंड स्तरीय* *प्रशिक्षण-सह-उपादान वितरण कार्यक्रम आयोजित, किसानों को दी गई आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती की जानकारी*
भागलपुर, दिनांक 28 अक्टूबर 2026। को जगदीशपुर प्रखंड स्थित प्रखंड कृषि कार्यालय भवन के सभाकक्ष में वासंतिक (रबी) महाअभियान-2026 के अंतर्गत प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण-सह-उपादान वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कृषि पदाधिकारी, भागलपुर श्री प्रेमशंकर प्रसाद, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) श्री प्रभात कुमार सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुश्री प्रीति कपूर, विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. होदा, कृषि वैज्ञानिक डॉ. शंभू प्रसाद, प्रखंड किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष श्री घनश्याम मंडल, जीविका प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुश्री प्रीति कपूर ने किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने संतुलित उर्वरक प्रयोग, मिट्टी की जाँच, प्राकृतिक खेती, कृषि यंत्रों के उपयोग तथा बिहार कृषि ऐप के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में विस्तार से बताया।
उप परियोजना निदेशक (आत्मा) श्री प्रभात कुमार सिंह ने किसानों को संगठित होकर अपने कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुँचाने की सलाह दी। उन्होंने कतरनी धान की गुणवत्ता एवं व्यावसायिक खेती की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए किसानों को खेती को लाभकारी व्यवसाय के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि दिनांक 26 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक जगदीशपुर प्रखंड की सभी पंचायतों में कृषि जन कल्याण चौपाल-सह-खेत बचाओ अभियान का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने किसानों को केंचुआ खाद उत्पादन, मशरूम उत्पादन, गेंदा फूल की खेती तथा स्वीट कॉर्न एवं बेबी कॉर्न जैसी लाभकारी फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी।
जिला कृषि पदाधिकारी श्री प्रेमशंकर प्रसाद ने किसानों को मिट्टी की जाँच के आधार पर उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता एवं कृषि पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के प्रति किसानों को जागरूक किया। साथ ही, सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को तिलहनी एवं दलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. शंभू प्रसाद ने रबी मौसम में उगाई जाने वाली विभिन्न फसलों में रासायनिक एवं जैविक उर्वरकों के उचित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बीजामृत, घनामृत आदि जैविक कृषि सामग्रियों के उपयोग, बीज उपचार की विधि तथा उससे होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. होदा ने कृषि में पशुपालन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को समेकित कृषि प्रणाली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि फसल उत्पादन के साथ पशुपालन जैसी गतिविधियों को जोड़कर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।
प्रखंड किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष श्री घनश्याम मंडल ने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संबंधित पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जगदीशपुर प्रखंड की सभी पंचायतों के कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, जीविका प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
भागलपुर
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Department of Agriculture, Government of Bihar