आर.आर. महाविद्यालय जौरा में एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यशाला आयोजित
क्यूआर कोड स्कैन कर विद्यार्थियों ने किया सेल्फ रिस्क एसेसमेंट, विशेषज्ञों ने संक्रमण से बचाव की दी जानकारी
मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति, भोपाल के आह्वान एवं सीएसओ क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर के मार्गदर्शन में आईसीटीसी सिविल हॉस्पिटल जौरा द्वारा आर.आर. महाविद्यालय जौरा में सघन जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय महाविद्यालय स्तरीय एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों, नशे से जुड़े जोखिमों तथा उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को क्यूआर कोड स्कैन कर स्वयं के एचआईवी जोखिम का आकलन (सेल्फ रिस्क एसेसमेंट) करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशाला में आईसीटीसी सिविल हॉस्पिटल जौरा के काउंसलर श्री संदीप सेंगर एवं एसटीएलएस श्री रणवीर गोयल उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री चंद्र किशोर शर्मा, संचालक श्री मयंक त्यागी, सहायक प्राध्यापकगण एवं लगभग 90 विद्यार्थी उपस्थित रहे।
काउंसलर श्री संदीप सेंगर ने विद्यार्थियों को एचआईवी एवं एड्स के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए एचआईवी संक्रमण के प्रमुख कारणों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों पर चर्चा करते हुए संक्रमित सुई के इस्तेमाल से एचआईवी संक्रमण की संभावना के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने टैटू बनवाते समय स्वच्छ एवं सुरक्षित उपकरणों के उपयोग की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला और असुरक्षित सुई के इस्तेमाल से होने वाले संक्रमण के जोखिम के बारे में बताया।
कार्यशाला में महाविद्यालय के नोडल प्रभारी श्री रवि त्यागी एवं एसटीएलएस श्री रणवीर गोयल की देखरेख में प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने एचआईवी, एड्स, सिफलिस, टीबी, हेपेटाइटिस-बी एवं एआरटी उपचार से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए संबंधित भ्रांतियों को दूर किया गया।
कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1097 के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही आईसीटीसी की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध सेवाओं से अवगत कराया गया। काउंसलर श्री संदीप सेंगर ने एचआईवी/एड्स से संबंधित स्वयं के जोखिम का आकलन करने के लिए उपलब्ध क्यूआर कोड की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को सेल्फ रिस्क एसेसमेंट करने के लिए प्रेरित किया।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh
206 views | Morena, Madhya Pradesh | Sep 18, 2026