"जनविश्वास अभियान" के तहत कालमुखी में शिविर संपन्न
---
"मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान" के तहत खंडवा विकासखंड के ग्राम कालमुखी में शुक्रवार को शिविर आयोजित किया गया । शिविर में खंडवा के सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल, खंडवा विधायक श्रीमती कंचन तन्वे, खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेडे, ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती मनीषा वर्मा, जिला महामंत्री श्री धर्मेंद्र बजाज, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एश्वर्य वर्मा, अपर कलेक्टर सुश्री श्रद्धा शुक्ला, खंडवा एसडीएम श्री ऋषि कुमार सिंघई सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने "सबका साथ, सबका विकास" के नारे के साथ समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं शुरू की है। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और उज्ज्वला योजना प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लाडली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने कहा कि छोटे और गरीब किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना काफी मददगार सिद्ध हुई है।
विधायक श्रीमती तन्वे ने कहा कि प्रदेश सरकार ने समाज के सभी वर्गों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। ग्रामीणजन इन योजनाओं का लाभ उठा सकें, इसीलिये "मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान" के तहत शिविर आयोजित किये जाते हैं। इन शिविरों में ग्रामीणजन अपने आवेदन देकर पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों में ग्रामीणजनों को घर बैठे अपनी समस्याओं के निराकरण की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि पहले समस्याओं के निराकरण के लिए ग्रामीणों को विकासखंड या जिला मुख्यालय पर जाना पड़ता था, जिसमें उनका दिन भर का समय खराब होता था। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि शिविर में जरूर आए और अपने साथियों को भी शिविर में लाकर सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाएं।
खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का गौरव विश्व में बढ़ा है। उन्होंने कहा कि करोड़ों गरीब परिवारों को मुफ्त अनाज देने की सुविधा प्रधानमंत्री श्री मोदी ने शुरू की है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से हर गरीब परिवार को पक्के मकान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऐश्वर्य वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर गत 7 अगस्त से आगामी जनवरी माह तक प्रत्येक शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करने, और उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ग्रामीणजनों के शिविर में प्राप्त आवेदनों का आज ही निराकरण करें, तथा जिन आवेदनों के निराकरण में कुछ समय लगता है, उनके लिए समय सीमा तय कर आवेदक को बता दिया जाए। कार्यक्रम संचालन श्री संदीप जोशी ने किया।
शिविर में इन ग्रामीणों को मिली मदद
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम कालमुखी में आयोजित शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत जिन हितग्राहियों को सहायता प्रदान की गई उनमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कालमुखी की कक्षा 9 की छात्रा कुमारी रूपाली, राजकुमारी पूनम, अमन और पल्लवी को निशुल्क साइकिल प्रदान की गई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत श्रीमती रजनी रुक्मणी गायत्री छाया और मोनिका को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत कुमारी श्रेया, तन्वी और तनिष्का को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही प्रेमलाल शिवदयाल भागीरथ किशन और राम राठौर को पशुपालन विभाग के किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान किए गए। कार्यक्रम में बैटरी चलित पंप किशन, प्रवीण, दौलत सिंह और सोहन को प्रदान किए गए। अतिथियों ने श्री मोतीलाल, सुखराम, देवकी और रामप्यारी को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया। इस अवसर पर श्रीमती मंजू बाई को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया जबकि श्री रेवाराम को वृद्धावस्था पेंशन का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
#khandwa
4 views | Khandwa, Madhya Pradesh | Sep 11, 2026