राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारिता की भूमिका और जिम्मेदारियों पर हुआ मंथन
डीएम तनय सुल्तानिया ने कहा—तथ्यपरक, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता समय की जरूरत
एसपी अमित रंजन ने कहा—खबरों में सनसनी के बजाय सत्य, विश्वसनीयता और जनहित को मिले प्राथमिकता
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं प्रेस क्लब, सीतामढ़ी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को प्रेस क्लब परिसर में ‘पत्रकारिता : लोकलुभावन या जिम्मेदार’ विषय पर विचार-विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, सामाजिक सरोकार, निष्पक्षता तथा पत्रकारिता की नैतिक जिम्मेदारियों पर गंभीर एवं सार्थक चर्चा हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह तथा प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों को बुके एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन नवनीत कुमार ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि जनमत निर्माण, सामाजिक चेतना और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का सशक्त आधार है। पत्रकारिता समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य करती है। इसलिए इसकी विश्वसनीयता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में सूचनाओं का प्रसार बेहद तेज हो गया है। सोशल मीडिया और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कोई भी सूचना कुछ ही क्षणों में व्यापक स्तर पर पहुंच जाती है। ऐसे में पत्रकारिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती सूचनाओं की सत्यता एवं प्रमाणिकता बनाए रखने की है। किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसके तथ्यों की समुचित पुष्टि करना पत्रकारिता का अनिवार्य दायित्व होना चाहिए। जल्दबाजी में अपुष्ट सूचनाओं का प्रसार न केवल भ्रम की स्थिति पैदा करता है, बल्कि समाज में अनावश्यक तनाव भी उत्पन्न कर सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोकलुभावन खबरों के माध्यम से तात्कालिक लोकप्रियता तो हासिल की जा सकती है, लेकिन पत्रकारिता की वास्तविक प्रतिष्ठा उसकी विश्वसनीयता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता से बनती है। खबरों में सनसनी, अतिरंजना और पूर्वाग्रह के स्थान पर तथ्य, संतुलन और विवेक को महत्व दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता लोकतंत्र की महत्वपूर्ण विशेषता है, लेकिन स्वतंत्रता के साथ जवाबदेही भी जुड़ी हुई है। प्रशासन और मीडिया के बीच स्वस्थ संवाद, पारस्परिक विश्वास एवं रचनात्मक सहयोग से जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति मिलती है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सभी पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए जिम्मेदार एवं मूल्यपरक पत्रकारिता के मूल आदर्शों को बनाए रखने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। पत्रकारों की जिम्मेदारी केवल घटनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाना नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर समाज को सही दिशा में जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि खबरों में सनसनी के बजाय सत्य, निष्पक्षता और जनहित को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। स्वतंत्र एवं जिम्मेदार पत्रकारिता से आम लोगों का व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने पत्रकारिता की स्वतंत्रता के साथ उसकी नैतिकता और सामाजिक जवाबदेही को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार प्रो. श्याम किशोर सिंह, वाल्मीकि कुमार, प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश रंजन, कोषाध्यक्ष दीपक कुमार, हिंदुस्तान के ब्यूरो चीफ ज्ञान रंजन भारद्वाज, वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुमार, प्रेस क्लब कार्यकारिणी सदस्य फणींद्र झा सहित सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
वक्ताओं ने पत्रकारिता की स्वतंत्रता, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और सामाजिक उत्तरदायित्व के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बदलते समय में पत्रकारिता के मूल आदर्शों को बनाए रखना पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। कार्यक्रम के माध्यम से तथ्यपरक, जिम्मेदार एवं जनहित आधारित पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Sitamarhi, Bihar | Nov 17, 2026