#Balrampur ! गांवों से स्कूलों तक पहुंची पुलिस, महिलाओं और बालिकाओं को बताए सुरक्षा के अधिकार...
दहेज, बाल विवाह, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति भी किया जागरूक..
#बलरामपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर बलरामपुर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन तथा मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में सभी थाना क्षेत्रों की मिशन शक्ति टीमों ने गांवों, कस्बों और विद्यालयों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की। साथ ही दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट जैसे विषयों पर जागरूक किया गया। बालिकाओं को गुड टच-बैड टच की जानकारी देते हुए महिला अधिकारों से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में भी बताया गया।
पुलिस टीमों ने आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस 108, स्वास्थ्य सेवा 102, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी।
इसके अलावा महिलाओं को थानों पर संचालित मिशन शक्ति केंद्र और परिवार परामर्श केंद्र की उपयोगिता बताई गई, ताकि वे जरूरत पड़ने पर पुलिस से सहायता और परामर्श प्राप्त कर सकें। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।
बलरामपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
#balrampur
Balrampur, Balrampur | Nov 9, 2026