वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि पर गुढ़ा खास में श्रद्धांजलि सभा, सपा नेताओं ने किया माल्यार्पण
कालपी (जालौन)। वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी ने उनके पैतृक गांव गुढ़ा खास में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वहीं भैरव बाबा मंदिर परिसर में श्रद्धांजलि सभा और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसकी व्यवस्था उनकी बड़ी बहन एवं समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रुक्मणी निषाद ने कराई।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री श्रीराम पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने फूलन देवी को राष्ट्रीय राजनीति में पहचान दिलाकर निषाद समाज को सम्मान दिलाने का कार्य किया। उन्होंने निषाद समाज से आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का समर्थन करने की अपील की।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीडीए की अवधारणा के माध्यम से सभी वर्गों को साथ जोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार को हटाकर अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष महेश कश्यप ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा निषाद समाज के हितों की पक्षधर रही है। उन्होंने समाज को एकजुट रहने और भ्रामक राजनीति से बचने की सलाह देते हुए कहा कि पार्टी भविष्य में भी समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सपा सरकार बनने पर फूलन देवी के नाम पर योजनाएं शुरू करने, महिलाओं को ₹40,000 पेंशन देने तथा केजी से पीजी तक निःशुल्क शिक्षा जैसी घोषणाओं को लागू करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने फूलन देवी की पुण्यतिथि से जन्मतिथि तक निषाद समाज को पार्टी से जोड़ने का अभियान चलाने की घोषणा की।
रुक्मणी निषाद ने अपने संबोधन में फूलन देवी से जुड़े पुराने प्रसंगों को साझा करते हुए बताया कि भैरव बाबा मंदिर उनके जीवन की महत्वपूर्ण स्मृतियों से जुड़ा स्थान है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मंदिर परिसर में वीरांगना फूलन देवी की प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी। उन्होंने निषाद समाज से 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का समर्थन करने की अपील भी की। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh
Orai, Jalaun | Jul 25, 2026