बघौली–प्रतापनगर मार्ग पर ट्रैक्टर-डंपर की भिड़ंत, चालक घायल
हरदोई। बघौली–प्रतापनगर मार्ग पर मंगलवार शाम ग्राम ब्यौरापुर के पास ट्रैक्टर और डंपर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब छह बजे नानक रैदास पुत्र कुबेर, निवासी चमारन टोला, थाना बेनीगंज, ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम ब्यौरापुर के पास ट्रैक्टर की डंपर से भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलने पर बघौली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को संभाला। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद मौके पर यातायात व्यवस्था सामान्य रही।
रिपोर्ट: देवेन्द्र सिंह
Bilgram, Hardoi | Oct 13, 2026