ग्राम पछारी में शासकीय भूमि से हटाया गया अवैध अतिक्रमण
अतिक्रमण मुक्त कराई गई करीब 60 लाख रुपये मूल्य की शासकीय भूमि
--
कलेक्टर श्री साकेत मालवीय के निर्देशन में जिले में शासकीय भूमियों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में तहसीलदार अशोकनगर श्री संतोष धाकड़ द्वारा ग्राम पछारी में शासकीय रास्ते एवं नाले की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई।
तहसीलदार न्यायालय अशोकनगर के आदेश के परिपालन में रविवार को राजस्व अमला मौके पर पहुंचा और कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि पर की गई तार फेंसिंग को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पछारी स्थित सर्वे क्रमांक 278, जो नोईयत रास्ता है, के कुल रकबे 0.146 हेक्टेयर में से 0.021 हेक्टेयर भूमि पर अनावेदक कमल पुत्र मोहनलाल शर्मा, निवासी अशोकनगर द्वारा तार फेंसिंग कर अतिक्रमण किया गया था। इसी प्रकार सर्वे क्रमांक 293, जो नोईयत नाला है, के कुल रकबे 0.773 हेक्टेयर में से 0.251 हेक्टेयर शासकीय नाले की भूमि पर भी अवैध कब्जा किया गया था। तहसीलदार के नेतृत्व में
राजस्व अमले द्वारा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर तार फेंसिंग हटाई गई तथा दोनों शासकीय भूमियों को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। प्रशासन द्वारा अतिक्रमण मुक्त कराई गई शासकीय भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 60 लाख रुपये आंका गया है।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शासकीय रास्ते, नाला, चरनोई सहित अन्य शासकीय भूमियों पर अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। शासकीय संपत्ति की सुरक्षा एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमियों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए राजस्व अमले द्वारा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
#ashoknagar
Ashok Nagar, Madhya Pradesh | Sep 20, 2026