न्यायोत्सव – विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत बाइक रैली, चित्रकला प्रदर्शनी एवं विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन
--
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अशोकनगर श्री सतीश चंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में शुक्रवार को न्यायोत्सव – विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत जिला न्यायालय परिसर अशोकनगर से भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। साथ ही विद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के अंतर्गत बनाई गई आकर्षक चित्रकलाओं की प्रदर्शनी एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न जनकल्याणकारी विधिक योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई।
बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला न्यायाधीश श्री सुनील कुमार कौशिक द्वारा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अभिषेक नागराज, जिला न्यायाधीश श्री किशोर कुमार निनामा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री मनीष अनुरागी, समस्त न्यायिक अधिकारीगण, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ श्री चंद्रशेखर साहू, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री हेमंत कुशवाह, न्यायालयीन अधिकारी एवं कर्मचारीगण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्तागण, अधिवक्तागण, पैरालीगल वॉलंटियर्स, पैनल अधिवक्तागण, यातायात पुलिस निरीक्षक एवं जिला चिकित्सालय के चिकित्सकगण सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बाइक रैली जिला न्यायालय अशोकनगर से प्रारंभ होकर राजमाता चौराहा, शनि मंदिर, न्यू ब्रिज, गांधी पार्क होते हुए पुनः अंडर ब्रिज, अस्पताल चौराहा, कलेक्टर रोड, अग्रसेन चौराहा एवं गुना बाईपास से होकर निकली तथा पुनः जिला न्यायालय परिसर अशोकनगर पहुंचकर संपन्न हुई।
बाइक रैली के माध्यम से विधिक योजनाओं एवं यातायात नियमों का प्रचार-प्रसार
बाइक रैली में सम्मिलित राइडर्स द्वारा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं के संबंध में आमजन को जागरूक किया गया। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को न्याय तक सरल एवं सुलभ पहुंच उपलब्ध कराना विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य है।
रैली में सम्मिलित सभी राइडर्स द्वारा हेलमेट धारण कर एवं यातायात नियमों का पालन करते हुए अनुशासित ढंग से सहभागिता की गई। इस दौरान आम नागरिकों को भी दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन तक विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना, निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को उनके विधिक अधिकारों से अवगत कराना रहा।
छात्र-छात्राओं की चित्रकलाओं की आकर्षक प्रदर्शनी
इसी क्रम में न्यायोत्सव – विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अशोकनगर द्वारा विभिन्न विद्यालयों में आयोजित चित्रकला एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई चित्रकलाओं को जिला न्यायालय अशोकनगर के प्रांगण में प्रदर्शनी के रूप में प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा अपनी रचनात्मकता एवं कल्पनाशीलता के माध्यम से विधिक जागरूकता, बाल अधिकार, महिला सुरक्षा, सामाजिक न्याय, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, यातायात नियमों एवं अन्य सामाजिक विषयों को चित्रों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ चित्रकला के माध्यम से आमजन को सामाजिक एवं विधिक विषयों के प्रति जागरूक करना रहा। न्यायालय परिसर में आने वाले पक्षकारों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया तथा बच्चों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना की गई।
विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं की प्रदर्शनी लगाकर किया जागरूक
अतिरिक्त जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा संचालित विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं से संबंधित बैनर, पोस्टर एवं पंपलेट के माध्यम से विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में आम नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित प्रतिकर योजना, महिला एवं बालकों के अधिकारों का संरक्षण, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितों का संरक्षण, श्रमिकों एवं जरूरतमंद व्यक्तियों के विधिक अधिकारों तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही आमजन को बताया गया कि पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता, विधिक परामर्श एवं न्यायिक प्रक्रिया में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 के संबंध में भी जानकारी दी गई, ताकि जरूरतमंद व्यक्ति विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए आसानी से संपर्क कर सकें।
इस प्रकार बाइक रैली, चित्रकला प्रदर्शनी एवं विधिक योजनाओं की प्रदर्शनी के माध्यम से न्यायोत्सव – विधिक सेवा सप्ताह 2026 के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि विधिक जागरूकता एक सशक्त एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है तथा प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना चाहिए।
#ashoknagar