मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनकल्याणकारी पहल – प्रभारी मंत्री श्री राकेश शुक्ला
तहसील नईसराय में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर आयोजित
--
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत तहसील मुख्यालय नईसराय पर मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का आयोजन मध्यप्रदेश शासन के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया।
शिविर में प्रभारी मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना तथा नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशानुरूप इस अभियान के तहत जनवरी 2027 तक शिविर आयोजित किये जायेगें। ये शिविर ग्रामीणों एवं नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करने का सशक्त माध्यम सिद्ध हो रहे हैं ।मुख्यमंत्री की मंशा अनुरूप प्रति शुक्रवार को ये शिविर विकासखंडों में आयोजित किये जा रहे हैं ।इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करना है। साथ ही हितग्राही मूलक योजनाओ तथा राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ दिलाना है।इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को हित लाभ का वितरण कराया जा रहा है ।उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर जिले को एक नंबर पर लाने के लिए हर संभव प्रयास करें। जिससे हमारा जिला सभी योजनाओं में आगे रहे ।उन्होंने स्वच्छता के प्रति संकल्प लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हितग्राही अधिक से अधिक लेकर अपने जीवन को खुशहाल बनाएं। उन्होंने कहा कि जिले को प्रगति की ओर आगे ले जाएं यही हम सभी का संकल्प होना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा नईसराय तहसील को समस्यामुक्त करने के लिए की गई मांगों के समर्थन में कहा कि भी हर समस्या के लिए वरिष्ठ स्तर से कार्यवाही कराना सुनिश्चित करेंगे।
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजय प्रताप सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर आमजन की समस्याओं के निराकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त होता है । साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया जाता है।
शिविर में कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार विगत 07 अगस्त से मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह जन विश्वास शिविर प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार को आयोजित किए जाते हैं।इन शिविरों में सीएम हेल्पलाइन के तहत जो लंबित शिकायतें होती हैं उनका निराकरण करने का प्रयास किया जाता है। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत जो नागरिकों के आवेदन निराकरण हेतु लंबित रहते हैं उनका निराकरण किया जाता है। उन्होंने बताया कि उद्यम संवाद की योजना राज्य शासन द्वारा निर्धारित की गई है कि जो क्षेत्र में प्रगतिशील उद्यमी हैं जो राज्य शासन और केंद्र शासन की ऋण योजनाओं का लाभ प्राप्त करते हैं और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आजीविका के साधनों का विकास करना चाहते हैं उनके साथ संवाद किया जाए और उनके माध्यम से अन्य नागरिक नागरिक गणों को प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं के अंतर्गत विभागीय पोर्टल पर प्राप्त आवेदन का निराकरण एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया जाता है। शिविर के दिन जो आवेदक आते हैं और वो किसी योजना के बारे में लाभ प्राप्त करने संबंधी आवेदन देते हैं या किसी अन्य उनकी कोई समस्या रहती है उसके बारे में जो आवेदन देते हैं उसका भी यथासंभव हम या तो शिविर के दिन ही निराकरण करने का प्रयास करते हैं या अगर उसमें समय सीमा की संभावना रहती है तो उस क्षेत्र के अगले शिविर से पहले तक उनको पात्रता अनुसार निराकरण करने का प्रयास किया जाता है।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शासन की योजनाओं का लाभ नागरिकों को दिलाने के लिए मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का प्रति शुक्रवार को आयोजन किए जाने की श्रृंखला तय की है। जिसके तहत जनता तक शासन प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि पहुंचकर समस्याओं का निराकरण करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन आपके द्वारा आकर न्यूनतम समय में लोक कल्याणकारी सेवाएं दे रही है।
शिविर में पात्र हितग्राहियों को किया हितलाभ का वितरण
शिविर में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं के अंतर्गत हितलाभ का वितरण किया गया। इस दौरान राजस्व विभाग द्वारा नामांतरण, बंटवारा तथा आर्थिक सहायता के प्रमाण पत्र वितरित किए गये। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 9 बालिकाओं को लाडली लक्ष्मी योजना अंतर्गत 01 लाख रूपये की राशि के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। जय भीम स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष प्रियंका जाटव को 06 लाख रूपये की राशि का सीसीएल प्रमाण पत्र दिया गया। कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा यशपाल सिंह, बलवीर सिंह तथा नीलम सिंह को कृषि यंत्र के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा प्रेम सिंह बंजारा को विमुक्त जाति अंतर्गत 90 हजार रुपए की राशि के ऋण प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। पशुपालन विभाग द्वारा पांच हितग्राहियों राजकुमार, शिशुपाल, दिलीप रघुवंशी, बलवीर, लखन जाटव तथा बृजेंद्र रघुवंशी को हितलाभ का वितरण किया गया। विद्युत विभाग द्वारा अटल जी की योजना अंतर्गत केशव, सुदामा, विनोद तथा जयकुमार को 05 रूपये में विद्युत कनेक्शन के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 10 छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए गये। तीन दिव्यांगो को ट्राईसाईकिल वितरित की गई। मुख्यमंत्री स्कूटी योजना अंतर्गत छात्र जितेश भार्गव को स्कूटी प्रदान की गई।
शासन की योजनाओं की दी जानकारी
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। विभागीय स्टॉल का प्रभारी मंत्री श्री शुक्ला ने निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
उद्यम संवाद का हुआ आयोजन
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के साथ उद्यम संवाद का आयोजन भी किया गया। इसमें स्थानीय उद्यमियों ने सहभागिता करते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा अपनी सफलता की कहानियां सुनाईं। उद्यमियों ने बताया कि किस प्रकार उन्होंने अपने प्रयासों, मेहनत और उपलब्ध अवसरों के माध्यम से अपने व्यवसाय को आगे बढाया के बारे में जानकारी दी।
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में कुल 345 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमें से 214 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया शेष। 131 आवेदनों का निराकरण हेतु समय सीमा निर्धारित कर संबंधित विभागों को प्रेषित किए गए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश कुमार जैन, श्री रंजीत सिंह, सांसद प्रतिनिधि श्री हरि सिंह रघुवंशी, विधायक प्रतिनिधि श्री शिव प्रताप सिंह रघुवंशी,एसडीएम श्री त्रिलोचन गौड़, ग्राम पंचायत नईसराय सरपंच श्रीमती मुन्नी रघुवंशी, श्री उमेश रघुवंशी, श्री लखन सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं जन प्रतिनिधी एवं जिलाधिकारी उपस्थित थे।
#JanVishwasAbhiyan2026
#ashoknagar
Ashok Nagar, Madhya Pradesh | Nov 20, 2026