नईसराय उपमंडी की भूमि से हटाया अतिक्रमण
सीमांकन कर मंडी सचिव को सौंपा कब्जा
कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व एवं मंडी अमले ने की कार्रवाई
--
ग्राम नईसराय में 20 नवंबर 2026 को आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में प्रभारी मंत्री की उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों द्वारा नईसराय में उपमंडी स्थापना का मुद्दा उठाया गया था। इस पर कलेक्टर के निर्देशानुसार शनिवार को तहसील नईसराय अंतर्गत ग्राम आमखेड़ा उर्फ नईसराय स्थित उपमंडी के लिए आवंटित शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की गई।
उक्त भूमि सर्वे क्रमांक 190, रकबा 4.085 हेक्टेयर है। राजस्व विभाग के अमले द्वारा मंडी सचिव शाढ़ौरा की उपस्थिति में भूमि का सीमांकन किया गया तथा निर्धारित स्थल पर सीमाचिह्न अंकित किए गए। साथ ही भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटवाकर मंडी सचिव शाढ़ौरा को भूमि का कब्जा सौंपा गया।
संपूर्ण कार्रवाई तहसीलदार नईसराय की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस दौरान मंडी सचिव शाढ़ौरा श्री गुलाब सिंह रघुवंशी, राजस्व निरीक्षक श्री सुरेंद्र यादव सहित राजस्व एवं मंडी विभाग का अमला उपस्थित रहा।
नईसराय क्षेत्र में उपमंडी की स्थापना की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर सीमांकन एवं सीमाचिह्न अंकित कराने के साथ ही मंडी संचालन की दिशा में प्रशासन द्वारा सक्रियता से कदम बढ़ाया गया है। इससे क्षेत्र के किसानों को भविष्य में कृषि उपज के विक्रय एवं मंडी संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।
#ashoknagar