हरदोई: इटौली पावर हाउस में भ्रष्टाचार के खिलाफ अनोखा विरोध, किसान नेता ने खून से ऊर्जा मंत्री को लिखा पत्र
हरदोई: जिले के इटौली पावर हाउस में तैनात बिजली विभाग के कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस मामले को लेकर 'गरीब किसान मजदूर सेवा समिति' के अध्यक्ष शैलेश अवस्थी ने अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया है।
ग्राम भड़ायल निवासी शैलेश अवस्थी ने अपने खून से प्रदेश के ऊर्जा मंत्री को एक पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने आरोप लगाया कि इटौली पावर हाउस के कुछ कर्मचारी बिजली उपभोक्ताओं और ग्रामीणों से कनेक्शन व अन्य कार्यों के नाम पर अवैध धन की मांग करते हैं, जिससे क्षेत्र के लोग बेहद परेशान हैं।
उन्होंने ऊर्जा मंत्री से मांग की है कि इटौली पावर हाउस में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। अब देखना होगा कि बिजली विभाग और शासन इस पत्र पर क्या संज्ञान लेता है।
Hardoi, Hardoi | Sep 3, 2026