#बलरामपुर पुलिस की अनूठी पहल: गवाही के लिए अब नहीं जाना पड़ेगा दूसरे जिले, SP ऑफिस में खुला अत्याधुनिक वीसी रूम...
#बलरामपुर। जिले के पुलिसकर्मियों और सेवानिवृत्त कर्मियों (पेंशनर्स) को अब दूसरे जनपदों के न्यायालयों में साक्ष्य (गवाही) दर्ज कराने के लिए बार-बार चक्कर काटने से मुक्ति मिल गई है। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक/नोडल अधिकारी विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में एसपी कार्यालय में अत्याधुनिक संसाधनों से लैस 'वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सेल' (वीसी रूम) का शुभारंभ किया गया है।
उत्तर प्रदेश राज्य न्यायालय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग नियमावली-2020 और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में शुरू की गई इस व्यवस्था से पुलिसकर्मियों के समय और विभागीय संसाधनों की भारी बचत होगी। साथ ही अदालती साक्ष्य प्रक्रिया में तेजी और पारदर्शिता आएगी।
तीन सदस्यीय टीम संभालेगी जिम्मेदारी
वीसी सेल के सुचारू संचालन के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। इसमें निरीक्षक चन्दन कुमार को प्रभारी बनाया गया है, जबकि कांस्टेबल मोहित निर्मल और कांस्टेबल कृष्ण कान्त त्रिपाठी को सहयोग के लिए तैनात किया गया है।
कोर्ट रूम जैसा रहेगा अनुशासन
वीसी रूम के संचालन को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। साक्ष्य रिकॉर्डिंग के दौरान अदालत जैसी गंभीरता और शिष्टाचार का पूरा पालन करना अनिवार्य होगा। कक्ष के भीतर किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश और मोबाइल, कैमरा या अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्डिंग उपकरणों के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। गवाही के दौरान केवल अधिकृत व्यक्ति ही मौजूद रहेंगे।
#balrampur #balrampurpolic