#बलरामपुर! डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, निस्तारण में लापरवाही पर दी सख्त हिदायत...
तहसील #तुलसीपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित; राजस्व और पुलिस टीम को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश...
बलरामपुर। जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को तहसील तुलसीपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से की।
समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। जिलाधिकारी ने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त जनशिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर और पूर्ण गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाधान दिवस का मूल उद्देश्य शिकायतों का स्थायी निस्तारण करना है, इसलिए किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राजस्व और पुलिस मिलकर सुलझाएं विवाद
डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने भूमि विवाद, अवैध कब्जे, पेंशन, आवास, विद्युत और पेयजल से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम की आवश्यकता है, वहां दोनों विभाग आपसी समन्वय से त्वरित कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और पारदर्शी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
कानून-व्यवस्था में न हो ढिलाई: एसपी
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष और संवेदनशील कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी तुलसीपुर, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
#balrampur #dmbalrampur #spbalrampur