#बालाघाट
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने किया खुरसोड़ी एवं धनसुआ के स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण
विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का लिया जायजा
बालाघाट की विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती मोनिका पटेल ने सोमवार 20 जुलाई को शासकीय हाई स्कूल खुरसोडी एवं शासकीय उमावि धनसुआ का आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन किया तथा शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती पटेल ने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन तथा सतत अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय के सभी शिक्षकों को "हमारे शिक्षक" ऐप पर ई-अटेंडेंस (e-Attendance) समय पर एवं नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पाठ्यपुस्तकों एवं साइकिल वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित प्राचार्यों को शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान प्राचार्यों एवं शिक्षकों द्वारा रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण का आश्वासन दिया। श्रीमती मोनिका पटेल ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आगामी समय में भी नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #schooledump
Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 20, 2026